demand-arrest-bhushan-bada-case-intensifies

भूषण बाड़ा मामले में गिरफ्तारी की मांग तेज, भाजपा एसटी मोर्चा ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

Share
Link copied

14 वर्षीय आदिवासी किशोरी से कथित यौन शोषण के मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़िता की सुरक्षा की मांग, पत्रकारों पर पुलिस कार्रवाई की समीक्षा का भी आग्रह

रांची। सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग किशोरी के कथित यौन शोषण मामले को लेकर झारखंड की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने इस मामले में विधायक की गिरफ्तारी, पीड़िता की सुरक्षा और पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग की है। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी से कथित यौन शोषण, मारपीट, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों के बावजूद अब तक विधायक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पार्टी ने सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई और प्राथमिकी के बाद पीड़िता को कथित तौर पर विधायक के आवास पर किसके आदेश से ले जाया गया? भाजपा ने यह आशंका भी जताई कि कहीं पीड़िता पर दबाव बनाने या उसके बयान को प्रभावित करने की कोशिश तो नहीं की गई। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की न्यायिक निगरानी में जांच कराने और किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव से मुक्त होकर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

दूसरे मामलों की जांच का भी उठाया मुद्दा

राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा ने केवल भूषण बाड़ा प्रकरण ही नहीं, बल्कि राज्य में महिलाओं और आदिवासी समुदाय की बेटियों के खिलाफ कथित अपराधों से जुड़े अन्य मामलों को भी उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की मृत्यु, गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप तथा गोड्डा के सुंदरपहाड़ी मिशन से जुड़े यौन शोषण के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इसके अलावा, मामले को सार्वजनिक करने वाले पत्रकारों और न्यूज चैनल के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई की भी समीक्षा करने का आग्रह किया गया।

‘राजनीतिक प्रभाव से ऊपर नहीं हो सकता कानून’

भाजपा एसटी मोर्चा ने कहा कि झारखंड में आदिवासी बहन-बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक प्रभाव के आधार पर कानून से ऊपर नहीं रखा जा सकता। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से आग्रह किया कि सभी मामलों में स्वतंत्र और सक्षम जांच एजेंसी के माध्यम से समयबद्ध जांच कराई जाए तथा पीड़िताओं को सुरक्षा और न्याय उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।

प्रतिनिधिमंडल में ये नेता रहे शामिल

राज्यपाल से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर और पिंकी खोया समेत अन्य नेता शामिल थे।

ABOUT THE AUTHOR
रिक्की राज

रिक्की राज

रिपोर्टर

रिक्की राज को पिछले दस वर्षों का मीडिया के क्षेत्र का अनुभव है । इस दौरान पांच वर्षो से इन्होंने डिजिटल मीडिया के लिए इन्होंने कई बड़ी खबरों का कवरेज किया है ।