स्वच्छता की दौड़ से शुरू हुआ झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा, 28 नवंबर को खेलगांव में होगा भव्य समापन
राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर 15 दिनों तक होंगे विविध आयोजन, खेलकूद, सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं और जनभागीदारी पर रहेगा विशेष जोर
रांची। झारखंड राज्य स्थापना दिवस, 2026 और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में 15 दिवसीय विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसकी शुरुआत 15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ (Run for Cleanliness) यानी स्वच्छता के लिए दौड़ के साथ हुई। वहीं, 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में भव्य समारोह के साथ इन आयोजनों का समापन होगा। इस दौरान राज्यभर में स्वच्छता अभियान, खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मेला-सह-प्रदर्शनी और विभिन्न विकास योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

छठ घाटों की सफाई के साथ हुई थी अभियान की शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत 15 नवंबर को सुबह सात से आठ बजे तक राज्य के सभी जिलों में स्वच्छता के लिए दौड़ के आयोजन से हुई थी । इसके तहत विभिन्न जिलों में प्रमुख स्थलों और चौक-चौराहों से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था । दौड़ के समापन पर प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई की गई थी । इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति आम लोगों को जागरूक करना और सामाजिक गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाना था।
पंचायत से जिला स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें खेलकूद प्रतियोगिताओं के अलावा नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन और अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल होंगी। इसके जरिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला एवं कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और टीमों को 26 एवं 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
खेलगांव में तीन दिनों तक लगेगी प्रदर्शनी
26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इसके साथ ही झारखंड के सभी जिलों का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रत्येक जिले का एक विशेष स्टॉल भी स्थापित किया जाएगा। विभागीय स्टॉल के माध्यम से आम लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं, जिला स्तरीय स्टॉल पर संबंधित जिले के विशिष्ट उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा नवाचार और नई पहल पर आधारित विशेष स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
28 नवंबर को योजनाओं की सौगात, उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित
राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को खेलगांव में आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा। इस अवसर पर पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं का चयन कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इसके माध्यम से विकास कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करने की पहल की जाएगी।
तीन दिनों तक सजेगी सांस्कृतिक संध्या
स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतिम चरण में 26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसमें झारखंड की समृद्ध लोककला, पारंपरिक नृत्य-संगीत, लोकसंस्कृति और जनजातीय परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य की विविध सांस्कृतिक विरासत को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा। कुल मिलाकर, झारखंड स्थापना दिवस और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित यह पखवाड़ा केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके जरिए स्वच्छता, जनभागीदारी, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा। 28 नवंबर को खेलगांव में होने वाला मुख्य समारोह इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगा।
निशा भगत मामला: CBI की स्पेशल क्राइम ब्रांच-1 ने दर्ज की FIR, अजय तिर्की और ज्योत्सना केरकेट्टा नामजद
Nisha Bhagat Case: सीबीआई ने आदिवासी नेत्री निशा भगत के आत्महत्या मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अजय तिर्की और ज्योत्सना…

पत्रकार अभिषेक भारती के समर्थन में लामबंद हुआ मीडिया जगत, रांची प्रेस क्लब में हुई अहम बैठक; आंदोलन की तैयारी
रांची। पत्रकार अभिषेक भारती के खिलाफ कथित पुलिसिया कार्रवाई और प्रताड़ना के विरोध में झारखंड का पत्रकार जगत एकजुट होने लगा है।…

JPSC-JSSC नियुक्ति घोटाले में सुप्रीम कोर्ट में बढ़ी कानूनी हलचल, अब तक दाखिल हुईं 20 हस्तक्षेप याचिकाएं
सीबीआई जांच की मांग वाली जनहित याचिका में विभिन्न पक्षों ने मांगा हस्तक्षेप का अधिकार, नियुक्ति प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र…

















