corruption-lawandorder-bjp-charge-gajendra-singh

भ्रष्टाचार से लेकर कानून-व्यवस्था तक, हेमंत सरकार पर बरसे भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल

Share
Link copied

रांची। झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने मंगलवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, युवाओं के रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी, घुसपैठ और मतदाता सूची जैसे मुद्दों को लेकर राज्य सरकार की नीतियों पर गंभीर सवाल उठाए।
दो दिवसीय झारखंड प्रवास के बाद अपनी पहली प्रेसवार्ता में गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि इस दौरान विभिन्न जिलों के लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत में उन्हें राज्य की स्थिति गंभीर नजर आई। उन्होंने आरोप लगाया कि 2019 से झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन की सरकार में जनता को विकास के नाम पर निराशा हाथ लगी है।

RKDF
advertisement

‘स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के मोर्चे पर सरकार विफल’

प्रदेश प्रभारी ने कहा कि सरकार के घोषणा पत्र में किए गए कई वादे पूरे नहीं हुए। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली, पेयजल और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उनके मुताबिक गरीब, आदिवासी, दलित, पिछड़े, किसान, महिलाएं और युवा सभी सरकार के कामकाज से परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने आदिवासी समाज के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। पटेल ने आरोप लगाया कि झामुमो और कांग्रेस ने आदिवासियों को बरगलाकर सत्ता हासिल की, लेकिन अब आदिवासी समाज वास्तविक स्थिति को समझ चुका है।

खनिज संपदा और DMFT फंड में लूट का आरोप

गजेंद्र सिंह पटेल ने झारखंड में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए बालू, कोयला, पत्थर और अन्य खनिज संपदाओं के दोहन का मुद्दा उठाया। उन्होंने DMFT फंड में भी अनियमितता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन से जुड़े संसाधनों की लूट के कारण सरकार और उसके नेतृत्व पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भाजपा ने इन मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाया है और आगे भी जनता के सवालों को लेकर आंदोलन जारी रखेगी।

JPSC-JSSC समेत भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार पर निशाना

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने युवाओं और छात्रों के हालिया आंदोलनों का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।उन्होंने JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही और PGT समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि जब छात्र लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरे तो उनके साथ भी अत्याचार किया गया।
पटेल ने कहा कि राज्य के युवा और छात्र सरकार की कार्यशैली से नाराज हैं।

घुसपैठ के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

झारखंड में कथित घुसपैठ के मुद्दे को लेकर भी गजेंद्र सिंह पटेल ने हेमंत सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार घुसपैठ को रोकने के बजाय इसे बढ़ावा दे रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा इस विषय को लेकर लगातार सरकार को आगाह करती रही है, लेकिन सरकार ने इस पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। पटेल ने दावा किया कि सरकारी तंत्र की ओर से घुसपैठियों को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष मदद मिलने की बात भी सामने आती रही है।

SIR को लेकर सरकार पर लगाया भ्रम फैलाने का आरोप

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के मुद्दे पर भी भाजपा प्रदेश प्रभारी ने राज्य सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि वास्तविक मतदाताओं को जोड़ने और अवांछित नामों को हटाने की प्रक्रिया लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करती है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार SIR जैसी प्रक्रिया का विरोध कर रही है और भ्रम फैलाकर आदिवासी समाज को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।

‘राज्य में अपराधी बेखौफ’

कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर पटेल ने कहा कि झारखंड में भय का माहौल है और अपराधी बेखौफ हैं। हत्या, लूट, अपहरण और गोलीबारी जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार पर कानून-व्यवस्था को संभालने में विफल रहने का आरोप लगाया।महिला सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा और कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार को गंभीरता से काम करने की जरूरत है।

7 अक्टूबर को होंगे भाजपा के बड़े कार्यक्रम

प्रेसवार्ता में गजेंद्र सिंह पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा काल के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि 750 जिला मुख्यालयों में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों के जरिए सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। पटेल ने कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में झारखंड को भी विकसित राज्य बनाने का प्रयास किया जाएगा।

‘जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी भाजपा’

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जनता और कार्यकर्ताओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को लेकर भाजपा लगातार जनता के बीच जाती रही है और आगे भी जाती रहेगी।
उन्होंने कहा कि जनता के सवालों को लेकर भाजपा सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।प्रेसवार्ता में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

ABOUT THE AUTHOR
नवीन कुमार

नवीन कुमार

Editor In Chief

नवीन कुमार को पिछले 30 वर्षों से भी अधिक समय से प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव रहा है...इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में बड़े पद पर कार्यरत रहे हैं...नक्सल, क्राइम, खेल, राजनीति,बिज्ञान एवं तकनीकी, पर्यावरण के साथ ही समसामयिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों पर मजबूत पकड़ रही है। खाली समय में उन्हें नई जगहों पर घूमना और फोटोग्राफी करना पसंद है।