रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक गिरफ्तार

रांची: अरगोड़ा थाना पुलिस ने पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन का सिम भी बरामद किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस के अनुसार, अशोक नगर रोड नंबर-4 निवासी 68 वर्षीय डॉ. दुर्गा चरण सिन्हा के लिखित आवेदन के आधार पर अरगोड़ा थाना कांड संख्या 224/2026 दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि मोबाइल नंबर 9199404559 से 29 जुलाई से लगातार पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा रही थी और जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 308(5), 351(2) और 352 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने मोबाइल नंबर के उपयोगकर्ता की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक कुमार दास (46) के रूप में हुई है। वह लोहरदगा थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है और वर्तमान में रांची के आईटीआई रोड, बस स्टैंड के पास रह रहा था। पुलिस ने उसे सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पानी टंकी के नजदीक किरायेदार के रूप में गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में उपस्थापन के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से रंगदारी मांगने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर 9199404559 का सिम बरामद किए हैं। छापामारी टीम में वरीय पुलिस उपाधीक्षक, हटिया, अरगोड़ा थाना प्रभारी सतीश कुमार गोराई, पु०नि० सत्यप्रकाश कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
















