पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में विधानसभा परिसर में BJP का प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
भूषण बाड़ा प्रकरण को लेकर भाजपा ने की नारेबाजी, बाबूलाल मरांडी बोले- पत्रकार की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर सीधा हमला; आदिवासी बेटी को न्याय दिलाने की लड़ाई जारी रहेगी
रांची। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी को लेकर झारखंड की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। गुरुवार को विधानसभा परिसर में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने महिलाओं और बच्चों की अस्मिता, पत्रकारों के साथ कथित दुर्व्यवहार, पत्रकारों को झूठे मुकदमों में फंसाने और उन्हें न्याय दिलाने जैसे मुद्दों को लेकर नारेबाजी की। भाजपा ने पूरे मामले में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा।
यह पूरा विवाद सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े मामले और पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के बाद गहराया है। भाजपा का आरोप है कि विधायक के खिलाफ गंभीर आरोपों से जुड़े मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि मूल मामले में कार्रवाई को लेकर कई सवाल अब भी बने हुए हैं।
बाबूलाल मरांडी ने गिरफ्तारी को बताया लोकतंत्र पर हमला
भाजपा के वरिष्ठ नेता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने फेसबुक पोस्ट में पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने लिखा कि सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ बलात्कार के आरोपों से जुड़ी खबर उजागर करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की कि यदि सरकार वास्तव में दूध का दूध और पानी का पानी करना चाहती है, तो विधायक भूषण बाड़ा का नार्को टेस्ट कराया जाए।
बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाया कि आरोपी विधायक के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय आदिवासी बेटी से जुड़े कथित दुष्कर्म के मामले को उजागर करने वाले पत्रकार को ही गिरफ्तार क्यों किया गया? उन्होंने कहा कि पत्रकार की गिरफ्तारी ने लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जनता की आवाज को पुलिसिया कार्रवाई के दम पर दबाया नहीं जा सकता। भाजपा इस मामले में सच और न्याय की आवाज बुलंद करती रहेगी।
वरिष्ठ पत्रकार आनंद ने रांची और सिमडेगा पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल इस मामले में वरिष्ठ पत्रकार आनंद ने भी अपने फेसबुक पोस्ट के जरिए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सिमडेगा और रांची पुलिस की कार्रवाई की तुलना करते हुए लिखा कि सिमडेगा पुलिस ने एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज होने के बाद तेजी से कार्रवाई की और अलग-अलग शहरों से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें पत्रकार अभिषेक भारती भी शामिल हैं। उन्होंने आगे लिखा कि अब पुलिस आरोपपत्र (Chargesheet) तैयार करेगी, गवाह जुटाएगी और प्राथमिकी में लगाए गए आरोप सही हैं या गलत, इसका फैसला न्यायालय करेगा। इसके विपरीत उन्होंने रांची पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस प्राथमिकी दर्ज करने के बाद ही दोषी और निर्दोष का फैसला कर चुकी है। आनंद ने अपनी पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा कि पुलिस तो वही है, लेकिन आरोपियों के रसूख में बड़ा फर्क है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह विवाद सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े गंभीर आरोपों के सामने आने के बाद शुरू हुआ। इस प्रकरण में नाबालिग से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर सवाल उठाए गए। इसी बीच पीड़िता के परिजन की ओर से पाकरटांड़ थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में पत्रकार अभिषेक भारती और दिलीप तिर्की पर नाबालिग को अगवा करने और विधायक के खिलाफ दबाव में बयान दिलवाने का आरोप लगाया गया। इसी प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने जमशेदपुर से पत्रकार अभिषेक भारती को गिरफ्तार किया। हालांकि, अभिषेक भारती ने अपने ऊपर लगे आरोपों को फर्जी बताया है। इस मामले में भाजपा पहले भी विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठा चुकी है।
अब पुलिस जांच और न्यायालय की भूमिका पर टिकी नजरें
इस पूरे प्रकरण ने कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ नाबालिग से जुड़े गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग है, तो दूसरी तरफ पत्रकार अभिषेक भारती पर लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच का सवाल है। दोनों मामलों में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच जरूरी है। आरोपों का अंतिम सच जांच और न्यायिक प्रक्रिया से ही सामने आएगा।

टाटा मोटर्स में मृतक कर्मचारी के बेटे को मिलेगी स्थायी नौकरी, 77 लाख रुपये के समझौते के बाद धरना समाप्त
जमशेदपुर: पत्नी और पुत्र के साथ हुई समझौता वार्ता में बनी सहमति, क्वार्टर समेत अन्य सुविधाएं भी मिलेंगी; बुधवार शाम 7:30 बजे…
झारखंड में अपराधियों पर पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन’, 22 महीने में 30 मुठभेड़; तीन कुख्यात अपराधी ढेर, 36 से अधिक घायल
रंगदारी, सुपारी किलिंग और गैंगवार करने वाले गिरोहों पर पुलिस का शिकंजा; राहुल दुबे, प्रिंस खान और राहुल सिंह गैंग निशाने पर,…



















