झारखंड में अपराधियों पर पुलिस का ‘स्ट्राइक’: 27 मुठभेड़ों में 3 ढेर, 33 से अधिक घायल; कई कुख्यात गिरोहों पर शिकंजा
रंगदारी, सुपारी किलिंग और गैंगवार के खिलाफ राज्यभर में पुलिस का अभियान तेज; राहुल दुबे, प्रिंस खान और राहुल सिंह गिरोह निशाने पर
रांची। झारखंड में संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने मोर्चा खोल दिया है। रंगदारी, सुपारी किलिंग, अवैध हथियार और गैंगवार के जरिए दहशत फैलाने वाले आपराधिक गिरोहों पर राज्य पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। रांची से लेकर धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग, रामगढ़, पलामू, चतरा और जामताड़ा तक पुलिस की कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ की कई घटनाएं सामने आई हैं।उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 11 जनवरी 2025 से 30 अक्टूबर 2026 के बीच झारखंड में करीब 27 पुलिस मुठभेड़ हुईं। इन घटनाओं में तीन अपराधियों की मौत हुई, जबकि 33 से अधिक घायल हुए। पुलिस की इन कार्रवाइयों में कई कुख्यात आपराधिक गिरोहों के कथित शूटर और सदस्य गिरफ्तार किए गए हैं।
राज्य में राहुल दुबे, प्रिंस खान, राहुल सिंह और अन्य आपराधिक गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई से संगठित अपराध के नेटवर्क पर दबाव बढ़ा है। हालांकि, अपराध पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस के सामने इन गिरोहों के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति और रंगदारी के आर्थिक तंत्र को ध्वस्त करने की चुनौती भी बनी हुई है।

रांची में लगातार दूसरे दिन अपराधियों से मुठभेड़
राजधानी रांची में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। 30 अक्टूबर को धुर्वा थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित सीठियो में राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई।पुलिस की जवाबी फायरिंग में कथित अपराधी सौरव कुमार के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया। घटनास्थल से तीन पिस्टल, एक स्विफ्ट कार और एक पल्सर बाइक बरामद की गई।इससे पहले 27 अक्टूबर को विधानसभा थाना क्षेत्र के नयासराय में राहुल सिंह गिरोह के सदस्यों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान शाहिद नामक आरोपी घायल हुआ था। पुलिस ने इस मामले में दो अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया था।लगातार दो मुठभेड़ों के बाद राजधानी में सक्रिय आपराधिक गिरोहों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई चर्चा में है।
धनबाद में सबसे ज्यादा मुठभेड़, रंगदारी और गैंगवार पर कार्रवाई
कोयलांचल धनबाद में रंगदारी, सुपारी किलिंग और गैंगवार के कारण पुलिस की कार्रवाई लगातार चर्चा में रही है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 14 अक्टूबर 2025 से 14 अक्टूबर 2026 के बीच जिले में आठ मुठभेड़ हुईं। 14 अक्टूबर 2026 को राम प्रताप हत्याकांड के आरोपी शंकर डे उर्फ पिंकू डे को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
24 सितंबर को ईस्ट बसुरिया थाना क्षेत्र के भूली मोड़ पर फायरिंग के बाद पुलिस की कार्रवाई में दो अपराधी घायल हुए थे। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
16 सितंबर को निरसा के हाथबाड़ी स्थित आनंद वाटिका के पास हुई मुठभेड़ में कथित शूटर सागर सिंह उर्फ शिबू घायल हुआ था।17 अगस्त को निरंकारी चौक और कुरमडी चौक के बीच हुई मुठभेड़ में प्रिंस खान गिरोह के कथित सदस्य इरफान आलम और नन्हे अंसारी को गोली लगी थी।
इसके अलावा 8 मार्च को भूईंफोड़ पहाड़ की तलहटी में रंगदारी वसूलने पहुंचे कथित शूटर सुधीश ओझा के घायल होने और 16 मार्च को भागाबांध ओपी क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई की घटनाएं भी चर्चा में रहीं।धनबाद में लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से कोयलांचल में सक्रिय आपराधिक गिरोहों पर दबाव बढ़ा है।

जमशेदपुर में शूटरों पर पुलिस का शिकंजा
लौहनगरी जमशेदपुर में वर्ष 2026 के दौरान चार मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें कई चर्चित आपराधिक मामलों के आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। 7 अक्टूबर को मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडिपी रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी के मामले में कथित मुख्य शूटर मोहन यादव और अजीत मंडल को हथियार बरामदगी के लिए ले जाने के दौरान मुठभेड़ हुई। दोनों के पैर में गोली लगी थी। 9 जुलाई को स्मृति पार्क क्षेत्र में राहुल हत्याकांड के आरोपी सब्बे के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई।15 जून को सिदगोड़ा में चेन स्नैचिंग के आरोपी हरपाल सिंह उर्फ गबरू के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। वहीं, 30 जनवरी को कैरव गांधी अपहरण कांड के आरोपियों गुड्डू सिंह, मोहम्मद इमरान और रमीज राजा हथियार बरामदगी के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई में घायल हुए थे।
हजारीबाग में राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह से मुठभेड़
हजारीबाग जिले में भी पुलिस ने संगठित अपराध और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है।
22 अगस्त को गिद्दी थाना क्षेत्र के पास राहुल दुबे गिरोह के कथित सदस्य बादल कुमार और मोहित कुमार मुठभेड़ में घायल हुए थे.29 अगस्त को दनुआघाटी में मुठभेड़ के दौरान एक कथित अफीम तस्कर घायल हुआ था। 29 और 30 जुलाई को बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर चक्रवार घाटी और आसपास के जंगलों में प्रिंस खान गिरोह के कथित सदस्यों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान कथित शूटर सैयद मोहम्मद जीशान घायल हुआ था।
रामगढ़ में राहुल दुबे और प्रिंस खान गिरोह पर कार्रवाई
रामगढ़ जिले में भी पुलिस और अपराधियों के बीच कई मुठभेड़ हुई हैं। 6 अप्रैल 2026 को भुरकुंडा में राहुल दुबे गिरोह के कथित सदस्य सन्नी सिंह को मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार किया गया। मौके से दो देसी पिस्तौल और मोबाइल बरामद किए गए। 6 जुलाई को भुरकुंडा के रिवर साइड स्थित सेंट्रल स्कूल के जर्जर भवन में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसमें प्रिंस खान गिरोह का कथित शूटर शिवराज राम उर्फ शिवा गंभीर रूप से घायल हुआ था। इससे पहले 11 जनवरी 2025 को हजारीबाग के झामुमो नेता संतोष सिंह हत्याकांड के आरोपी राहुल तुरी को रामगढ़ के कुज्जू में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया था।
पलामू में गैंगस्टर अमन साहू की मौत
पलामू जिले में 11 मार्च 2025 से 6 अगस्त 2026 के बीच तीन मुठभेड़ की घटनाएं सामने आईं।11 मार्च 2025 को गैंगस्टर अमन साहू को रायपुर से झारखंड लाने के दौरान पुलिस मुठभेड़ में उसकी मौत हो गई थी।3 अप्रैल 2026 को समीर खलीफा हत्याकांड के मुख्य आरोपी फैज खान को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया।वहीं, 6 अगस्त को बजराहा-बैरिया के पास कोयल नदी किनारे हुई मुठभेड़ में कथित अपराधी सुमित चंद्रवंशी घायल हुआ था।
चतरा और जामताड़ा में भी पुलिस की कार्रवाई
25 अगस्त 2026 को चतरा के टंडवा-पिपरवार थाना क्षेत्र के बसरिया जंगल में राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। इस दौरान कथित शूटर विकास कुमार घायल हुआ था। वहीं, 3 अगस्त को जामताड़ा में गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पुलिस मुठभेड़ में मौत हुई थी।संगठित अपराध के खिलाफ अभियान, पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
झारखंड में लगातार हो रही मुठभेड़ों और गिरफ्तारियों से यह स्पष्ट है कि राज्य पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। रंगदारी, सुपारी किलिंग और गैंगवार में शामिल गिरोहों के कथित सदस्यों को निशाना बनाया जा रहा है।हालांकि, केवल गिरफ्तारियों और मुठभेड़ों से संगठित अपराध पर स्थायी अंकुश लगाना चुनौतीपूर्ण है। इसके लिए गिरोहों के आर्थिक नेटवर्क, अवैध हथियारों की आपूर्ति, फरार आरोपियों और जेल से संचालित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी होगी।

एक महीने बाद भी केनरा बैंक लूटकांड का खुलासा नहीं, एसआईटी के हाथ खाली; 33 करोड़ से अधिक की लूट के आरोपी अब भी फरार
जमशेदपुर। गोलमुरी मस्जिद रोड स्थित केनरा बैंक में हुई करोड़ों रुपये की लूट की घटना को एक महीने से अधिक समय बीत…

भारत ने बनाया अपना GPS, NVS-03 से ‘नाविक’ को मिलेगी नई ताकत; इसरो का ऐतिहासिक मिशन सफल
श्रीहरिकोटा। भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान और स्वदेशी तकनीक के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन…

चाईबासा : मां-बेटी की हत्या के मामले में बेटे समेत सात गिरफ्तार, गुफा से मिले जले हुए शवों के अवशेष
जमीन विवाद और पारिवारिक रंजिश में 13 अक्टूबर को हत्या की वारदात को दिया गया अंजाम; साक्ष्य मिटाने के लिए तोरलो जंगल…


















