मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती पर दिव्यांग बच्चों के साथ बिताया खास समय
रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने आज दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती के अवसर पर रांची के चेशायर होम (Cheshire Home) में दिव्यांग बच्चों के साथ समय बिताया। यह संस्था विशेष रूप से शारीरिक रूप से अक्षम और स्पास्टिक बच्चों के लिए समर्पित एक आवासीय सुविधा है, जो बारीयातु क्षेत्र में स्थित है और वर्षों से सेवा कार्य कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!यह पहला अवसर था जब गुरुजी की जयंती उनके बिना मनाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने भावुक होते हुए कहा, “यह हमारे जीवन का पहला अवसर है, जब हम बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती उनके बिना मना रहे हैं। गुरुजी के संघर्ष, त्याग और बलिदान ने हमें अलग राज्य के सपने को साकार करने की राह दिखाई। वे सदैव कमजोर, पिछड़े और आदिवासी समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहे।”
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने वहां रह रहे दिव्यांग बच्चों से आत्मीय मुलाकात की, उनसे बातचीत की और उनके साथ कुछ पल बिताए। मुख्यमंत्री ने बच्चों के बीच कंबल और अन्य आवश्यक सामग्रियों का वितरण भी किया।
चेशायर होम से मुख्यमंत्री का लंबे समय से विशेष भावनात्मक जुड़ाव रहा है। वे अक्सर यहां आते हैं और सदस्यों व बच्चों से मिलते रहते हैं। उन्होंने संस्था की व्यवस्था और देखभाल की सराहना करते हुए कहा,
“यहां के सदस्यगण त्याग और समर्पण की भावना से कार्य कर रहे हैं। यहां के दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा देखकर यह महसूस होता है कि उनकी शक्ति और आत्मविश्वास किसी भी प्रकार से कम नहीं है।”
मुख्यमंत्री ने संस्था को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का भरोसा दिया और सभी को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजन कल्याण के क्षेत्र में निरंतर प्रयासरत है। विधायक कल्पना सोरेन ने भी बच्चों से संवाद किया, उनका उत्साहवर्धन किया और संस्था के सेवा कार्यों की प्रशंसा की।

















