दुबई से धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान ने चतरा के समाजसेवी को दी जान की धमकी, मांगे 2 करोड़ रुपये की रंगदारी, सुने ऑडियो
चतरा : झारखंड के धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दुबई में बैठकर अपराध की दुनिया चला रहे प्रिंस खान ने अब चतरा जिले के चर्चित समाजसेवी एवं कारोबारी प्रेम सिंह को जान से मारने की धमकी दी है। साथ ही उनसे 2 करोड़ रुपये की रंगदारी की मांग की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूत्रों के अनुसार, प्रेम सिंह को व्हाट्सएप के जरिए ऑडियो क्लिप और कॉल आए, जिसमें धमकी देने वाले व्यक्ति ने खुद को प्रिंस खान बताते हुए दुबई से फोन करने की बात कही। ऑडियो में साफ तौर पर कहा गया है कि 2 करोड़ रुपये नहीं देने पर “खोपड़ी खोल दी जाएगी” और कोई भी उन्हें बचा नहीं पाएगा, चाहे डीसी-एसपी ही क्यों न हो।
धमकी मिलने के बाद प्रेम सिंह ने डरने की बजाय तुरंत कार्रवाई की। पिंडरा निवासी प्रेम सिंह ने हंटरगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने थाने में व्हाट्सएप ऑडियो क्लिप और कॉल के सबूत भी सौंपे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रिंस खान धनबाद के वासेपुर क्षेत्र का भगोड़ा गैंगस्टर है, जो पिछले कई वर्षों से दुबई में छिपा बैठा है। वहां से ही वह अपने गुर्गों के जरिए झारखंड में रंगदारी, फायरिंग और अन्य अपराधों को अंजाम देता रहा है। हाल के महीनों में उसके नाम पर डॉक्टरों, कारोबारियों और अन्य लोगों से रंगदारी मांगी गई है। पुलिस ने उसके कई गुर्गों को गिरफ्तार किया है, लेकिन प्रिंस खान अभी भी फरार है।
नोट : – दृष्टि नाउ इस ऑडियो की पुष्टि नही करता है।

















