हार्दिक पंड्या विवादों में घिरे! पुणे के वकील ने बेंगलुरु पुलिस में दर्ज कराई शिकायत, तिरंगे के ‘अपमान’ का आरोप
बेंगलुरु : भारतीय क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीत के बाद जश्न के दौरान ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के खिलाफ राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगे) के कथित अपमान को लेकर शिकायत दर्ज की गई है। पुणे के वकील वाजिद खान बिडकर ने बेंगलुरु के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में यह शिकायत दायर की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शिकायतकर्ता के अनुसार, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत की न्यूजीलैंड पर जीत के बाद मैदान पर हुए सेलिब्रेशन में कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इनमें हार्दिक पंड्या अपने कंधे पर तिरंगा ओढ़कर नाचते-दौड़ते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि जश्न के दौरान वे अपनी गर्लफ्रेंड माहीका शर्मा के साथ मंच पर लेटे हुए दिखे, जबकि उस समय भी तिरंगा उनके कंधे या पीठ पर लिपटा हुआ था।
वकील वाजिद खान ने Prevention of Insults to National Honour Act, 1971 की धारा 2 का हवाला देते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा का सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने मिडिया को बताया, “हार्दिक पंड्या जीत के जश्न में इतने खो गए थे कि वे गर्लफ्रेंड के साथ लेटे हुए थे और तिरंगा उनके पीठ पर बंधा हुआ था। यह राष्ट्रीय ध्वज का अपमान है।”
शिकायत में मांग की गई है कि पंड्या के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए और एफआईआर दर्ज की जाए। पुलिस ने शिकायत स्वीकार कर ली है और इसकी जांच शुरू होने की संभावना है। हालांकि, कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे ‘पब्लिसिटी स्टंट’ बताते हुए मजाक उड़ाया है, क्योंकि अधिकांश लोग इसे उत्साहपूर्ण जश्न का हिस्सा मानते हैं।
















