चौपारण में 10 एकड़ अवैध अफीम की खेती का सफाया! पुलिस-वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई, ड्रोन से चिन्हित कर मौके पर नष्ट
हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले में अवैध अफीम (पोस्ते) की खेती के खिलाफ पुलिस और वन विभाग की सख्त मुहिम जारी है। इसी कड़ी में आज चौपारण थाना क्षेत्र के चोरदाह पंचायत अंतर्गत लालकिमाटी जंगल में संयुक्त अभियान चलाकर लगभग 10 एकड़ में फैली अवैध अफीम की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस और वन विभाग की टीम ने दुर्गम जंगली इलाके में छापेमारी की। अभियान के दौरान विभिन्न हिस्सों में बिखरी अफीम की खेती को चिन्हित किया गया और मौके पर ही ट्रैक्टर व अन्य तरीकों से फसल को तबाह कर दिया गया। इस मौके पर 14 डिलीवरी पाइप जो संभवतः अफीम के प्रसंस्करण या सिंचाई में इस्तेमाल हो रहे थे, इन्हें भी मौके पर नष्ट कर दिया गया।
अवैध खेती में शामिल व्यक्तियों की पहचान के लिए जांच चल रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दोषियों के नाम-पते का सत्यापन पूरा होते ही उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हजारीबाग पुलिस ने बताया कि इस अभियान में ड्रोन की मदद से दुर्गम और पहुंच-रहित इलाकों को स्कैन कर अफीम की खेती का पता लगाया जा रहा है। इससे पहले भी जिले के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों एकड़ अफीम की फसल नष्ट की जा चुकी है।

















