होली अवकाश के बाद रांची समाहरणालय में सख्ती: उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने किया औचक निरीक्षण, कई कर्मचारियों को जारी शो-कॉज
रांची : होली पर्व के अवकाश समाप्त होने के बाद कार्यालयों में अनुशासन और कार्य व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने आज संध्या लगभग 4 बजे के बाद समाहरणालय ब्लॉक-ए के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति, कार्यप्रणाली और कार्यालय व्यवस्था की गहन समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अवकाश पर रहने वाले कर्मचारियों के आवेदन पत्रों की जांच की और पाया कि कुछ कर्मचारी कार्यालय प्रधान को पूर्व सूचना दिए बिना अनुपस्थित रहे। ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ शो-कॉज नोटिस जारी करने का सख्त निर्देश संबंधित कार्यालय प्रधानों को दिया गया। विशेष रूप से सामान्य शाखा के सहायक अर्जुन मुण्डा तथा जिला कल्याण शाखा के लनिता कुमार महतो और विकास जायसवाल को शो-कॉज करने का आदेश दिया गया।
उपायुक्त ने कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड धारण करने और अपने टेबल पर नेमप्लेट प्रदर्शित करने का निर्देश दिया। जिन्होंने इन नियमों का पालन नहीं किया, उन्हें सख्त चेतावनी जारी की गई और भविष्य में ऐसी लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
उपायुक्त ने कहा कि सभी मातहत कर्मचारी अनुशासित और जिम्मेदार ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। कार्यालय प्रधानों को अपने अधीनस्थों की नियमित उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया ताकि कार्यालयों में अनुशासन बना रहे।
इसके अलावा, समाहरणालय परिसर में लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख, स्वच्छता और साफ-सफाई पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि परिसर की हरियाली और स्वच्छता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, उपसमाहर्ता नजारत सुदेश कुमार तथा जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला पंचायती राज पदाधिकारी राजेश कुमार साहू सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

















