शादी के स्टेज पर खौफनाक वारदात: प्रेमी ने जयमाला के दौरान दुल्हन को मारी गोली, मातम में बदला माहौल
बक्सर : बिहार के बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चौसा नगर पंचायत के मल्लाह टोली में मंगलवार की देर रात एक शादी समारोह के दौरान दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां खुशियों और उत्साह से भरा माहौल अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में तब्दील हो गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के सुलेमानपुर से आई बारात में जयमाला की रस्म चल रही थी। दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर खड़े थे, मेहमान फोटो खिंचवा रहे थे और संगीत-नाच-गाने का दौर जारी था। तभी अचानक एक युवक (दुल्हन का कथित प्रेमी) भीड़ से निकलकर स्टेज पर चढ़ गया और दुल्हन आरती कुमारी (18 वर्ष, पिता नंद जी मल्लाह) पर गोली चला दी। गोली दुल्हन के पेट में लगी, जिससे वह स्टेज पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ीं।
घटना के बाद पूरे शादी समारोह में कोहराम मच गया। मेहमान चीखने-चिल्लाने लगे और अफरा-तफरी का माहौल हो गया। प्रेमी ने गोली चलाने के बाद मौके से फरार होने की कोशिश की। दुल्हन को गंभीर हालत में तत्काल इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी स्थिति को देखते हुए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला एकतरफा प्रेम या पुरानी प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपी युवक की तलाश जारी है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। इलाके में सनसनी का माहौल है, क्योंकि ऐसी घटना स्थानीय स्तर पर पहली बार सामने आई है।

















