20251220 205712

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित झारखंड दौरे को लेकर रांची में महत्वपूर्ण बैठक

रांची : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के 28 से 30 दिसंबर 2025 तक प्रस्तावित झारखंड दौरे की तैयारियों को लेकर रांची जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। आज समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की संयुक्त अध्यक्षता में जिलास्तरीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैठक में राष्ट्रपति के दौरे से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वागत-सत्कार, कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपते हुए निर्देश दिया कि राष्ट्रपति महोदया का दौरा पूरी तरह त्रुटिरहित और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय स्थापित कर तैयारी शीघ्र पूर्ण करने पर बल दिया।

उपायुक्त ने साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन, स्वास्थ्य सुविधाएं, पेयजल, शौचालय, पार्किंग आदि सभी बिंदुओं पर विभागवार समीक्षा की। रूट लाइन में विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को सजगता और संवेदनशीलता से निभाएं तथा तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जाएगी।

मुख्य सुरक्षा एवं व्यवस्था निर्देश:

* सुरक्षा घेरा मजबूत करने हेतु बैरिकेडिंग, CCTV निगरानी, ड्रोन सर्विलांस तथा पास सिस्टम को दुरुस्त रखना।

* यातायात प्रबंधन में डायवर्जन, पार्किंग तथा आपातकालीन रूट्स की समुचित व्यवस्था।

* सभी विभागों (पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य, विद्युत आदि) के बीच बेहतर तालमेल।

* आपात सेवाओं के लिए संबंधित अस्पतालों को रिजर्व रखना तथा चिकित्सा सुविधाओं व स्वच्छता पर विशेष ध्यान।

* किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण तैयारी।

बैठक में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक सहित पुलिस, नगर निगम, स्वास्थ्य, परिवहन, विद्युत, पेयजल एवं स्वच्छता, अग्निशमन तथा अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति के दौरे दौरान सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि परिभ्रमण पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहे।

Share via
Share via