IND vs SA, 2nd T20I: साउथ अफ्रीका ने भारत को 51 रनों से हराया, सीरीज 1-1 से बराबर
साउथ अफ्रीका ने पंजाब के न्यू चंडीगढ़ स्थित महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी-20 इंटरनेशनल मैच में भारत को 51 रनों से करारी शिकस्त देकर पांच मैचों की सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया है। पहले मैच में भारत ने जीत दर्ज की थी, लेकिन इस बार प्रोटियाज टीम ने पूरी तरह दबदबा बनाया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!साउथ अफ्रीका ने बनाए 213/6
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह निर्णय उल्टा पड़ गया। साउथ अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 46 गेंदों में 90 रन ठोके। उनकी पारी में 9 चौके और 5 छक्के शामिल थे। डी कॉक ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
अंतिम ओवरों में डेविड मिलर (20) और डोनोवन फरेरा (30) ने नाबाद 53 रनों की साझेदारी कर स्कोर को 213/6 तक पहुंचाया। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह सबसे महंगे गेंदबाज रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 58 रन लुटाए। जसप्रीत बुमराह भी महंगे साबित हुए।
भारत की बल्लेबाजी लड़खड़ाई, 19.1 ओवर में 162 पर ढेर
214 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम पावरप्ले में ही 3 विकेट गंवा बैठी। शुभमन गिल – 0, अभिषेक शर्मा – 17 और सूर्यकुमार यादव ने मात्र 5 रन बनाए। इसके बाद हार्दिक पंड्या (20) और अक्षर पटेल (21) ने थोड़ी कोशिश की, लेकिन दोनों जल्दी आउट हो गए। एकमात्र संघर्ष तिलक वर्मा ने दिखाया, जिन्होंने 34 गेंदों में 62 रन (2 चौके, 5 छक्के) की आकर्षक पारी खेली। लेकिन दूसरे छोर से कोई साथ नहीं मिला। जितेश शर्मा ने 27 रनों का योगदान दिया, लेकिन टीम 19.1 ओवर में 162 रन पर सिमट गई।
साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों का जलवा
साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों में ओर्टनील बार्टमैन – 4/24 (4 ओवर), मार्को यानसन – 2/27, लुंगी एनगिडी – 2/34 और लूथो सिपामला – 2/25 ने शानदार प्रदर्शन किया। गेंदबाजों ने शानदार लाइन-लेंथ के साथ भारतीय बल्लेबाजों को बांधे रखा और नियमित अंतराल पर विकेट चटकाए।
अब अगला मैच निर्णायक
सीरीज अब 1-1 से बराबर हो चुकी है। तीसरा टी-20 मैच 14 दिसंबर को धर्मशाला में खेला जाएगा, जहां दोनों टीमें बढ़त हासिल करने उतरेंगी। भारतीय टीम को अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बड़े बदलाव करने होंगे, वरना सीरीज हाथ से फिसल सकती है।

















