जम्मू-कश्मीर चैंपियंस लीग में विवाद: क्रिकेटर फुरकान भट्ट के हेलमेट पर दिखा फिलिस्तीन का झंडा, पुलिस ने शुरू की जांच
जम्मू : जम्मू-कश्मीर चैंपियंस लीग (JKCL) के एक मैच में स्थानीय क्रिकेटर फुरकान भट्ट के हेलमेट पर फिलिस्तीन का झंडा नजर आने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस घटना के सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए फुरकान भट्ट को पूछताछ के लिए तलब किया है। साथ ही लीग के आयोजक जाहिद भट्ट से भी पुलिस पूछताछ कर रही है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूत्रों के अनुसार, यह घटना लीग के एक मैच के दौरान हुई, जिसमें फुरकान भट्ट बल्लेबाजी करते हुए मैदान पर उतरे थे। उनके हेलमेट पर फिलिस्तीनी झंडे का स्टिकर लगा हुआ देखा गया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। पुलिस ने डोमाना पुलिस स्टेशन में इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस आयोजक से यह भी पूछ रही है कि क्या खिलाड़ियों के यूनिफॉर्म, हेलमेट और अन्य उपकरणों के लिए कोई स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए थे या नहीं। जम्मू-कश्मीर चैंपियंस लीग जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (JKCA) से संबद्ध नहीं है, और फुरकान भट्ट भी JKCA से जुड़े खिलाड़ी नहीं हैं।
फुरकान भट्ट से पूछताछ जारी है, और आगे की कार्रवाई जांच के नतीजों पर निर्भर करेगी। इस मामले ने स्थानीय क्रिकेट लीगों में राजनीतिक प्रतीकों के उपयोग पर बहस छेड़ दी है।
















