जमशेदपुर: साकची में गैरेज में लगी भीषण आग, कार सहित पूरा गैरेज जलकर खाक
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र अंतर्गत हाथी घोड़ा मंदिर के समीप एक गैरेज में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैरेज में एक कार खड़ी थी, जो आग की चपेट में आ गई और इससे आग ने और भयावह रूप ले लिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते-देखते पूरा गैरेज आग की गिरफ्त में आ गया। हालांकि, आगजनी की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी तुरंत मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन नुकसान काफी हुआ है। गैरेज में खड़ी कार सहित पूरा गैरेज जलकर पूरी तरह खाक हो गया। आग की तेजी को रोकना मुश्किल हो गया था, जिससे संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही साकची थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आग लगने के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहन पड़ताल कर रही है।

















