अमेरिका-इजराइल तनाव के बीच भारत ने बढ़ाया मदद का हाथ, ईरान को भेजी पहली चिकित्सा सहायता खेप
नई दिल्ली : अमेरिका और इजराइल के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान को भारत ने मानवीय सहायता पहुंचाकर एक अहम संदेश दिया है। भारत सरकार की ओर से ईरान को चिकित्सा सहायता की पहली खेप भेजी गई है, जिसे ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी को सौंप दिया गया है।
भारत में स्थित ईरान के दूतावास ने इस सहायता की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की पहली खेप प्राप्त हो चुकी है। इस राहत सामग्री को ईरान की रेड क्रिसेंट सोसाइटी के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहली ने कहा कि दिल्ली-तेहरान संबंधों को बेहद अहम बताया है और कहा है कि वह भारत को दोस्त देश मानते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के हित समान हैं. ऐसे में दोनों देशों को एक-दूसरे के हितों का ध्यान रखना चाहिए।
ईरानी दूतावास ने इस मानवीय सहयोग के लिए भारत के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि “भारत के सम्मानित और दयालु लोगों का हम तहे दिल से शुक्रिया अदा करते हैं, जिन्होंने इस कठिन समय में हमारा साथ दिया।” गौरतलब है कि मौजूदा हालात में ईरान कई तरह की चुनौतियों का सामना कर रहा है, ऐसे में भारत की ओर से दी गई यह सहायता वहां के स्वास्थ्य तंत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।


















