dna-report-solved-mystery-identity-body

डीएनए रिपोर्ट ने खोली शव की पहचान की गुत्थी, विजय उरांव नहीं बल्कि सुदामा भूइयां का था शव

Share
Link copied
dna-report-solved-mystery-identity-body
dna-report-solved-mystery-identity-body

पलामू: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में अगस्त 2025 में बरामद अज्ञात शव की पहचान को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जिस शव को झारखंड पुलिस के जवान विजय उरांव का मानकर उनके परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था, वह उनका नहीं, बल्कि सतबरवा थाना क्षेत्र के कमरू गांव निवासी सुदामा भूइयां का था। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की डीएनए जांच रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है।

जानकारी के अनुसार, 22 अगस्त 2025 को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। विजय उरांव के परिजनों ने उसकी पहचान उनके रूप में की थी। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया था, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया। हालांकि, बाद में सुदामा भूइयां की पत्नी मंजू देवी ने शव को अपने लापता पति का बताते हुए दावा पेश किया।

दो परिवारों के अलग-अलग दावों के बाद पुलिस ने सितंबर 2025 में पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित रखे गए विसरा और दोनों परिवारों के डीएनए सैंपल जांच के लिए एफएसएल भेजे थे। अब आई रिपोर्ट में स्पष्ट हो गया है कि बरामद शव सुदामा भूइयां का था, विजय उरांव का नहीं।

Sthapna Diwas
Advertisement

गौरतलब है कि झारखंड पुलिस के जवान विजय उरांव मुसाबनी में पदस्थापित थे। अगस्त 2025 में उनकी ड्यूटी देवघर श्रावणी मेले में लगी थी। इसी दौरान 8 अगस्त को वे रेलवे स्टेशन से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। वहीं, सुदामा भूइयां 19 अगस्त 2025 से लापता थे।

डीएनए रिपोर्ट आने के बाद विजय उरांव के लापता होने का मामला फिर गंभीर हो गया है। उनके परिजनों को अब तक सरकारी प्रावधानों के तहत मिलने वाली मुआवजा और राहत राशि भी नहीं मिल सकी है। परिजनों ने अधिकारियों से मुलाकात कर विजय उरांव की तलाश तेज करने की मांग करने की बात कही है।

लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने बताया कि एफएसएल की रिपोर्ट पलामू पुलिस को मिल गई है। रिपोर्ट में बरामद शव की पहचान सुदामा भूइयां के रूप में हुई है। पुलिस अब रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई और मामले की नए सिरे से जांच करेगी।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।