पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, युवती बनकर फोन कराया और जंगल में बुलाकर घोंट दिया गला, सात गिरफ्तार

पलामू: लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के एकता जंगल से 23 सितंबर को बरामद अज्ञात शव की पहचान और हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के बंजारी निवासी पंकज उरांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार घरेलू विवाद के बाद पंकज की पत्नी अनिमा कुमारी ने अपने पिता के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने अनिमा कुमारी समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 23 सितंबर की सुबह करीब छह बजे एकता जंगल में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर लेस्लीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर आसपास के थानों को इसकी जानकारी दी। जांच के दौरान पता चला कि पंकज उरांव के पिता बिरजू उरांव ने 19 सितंबर को पाटन थाना में बेटे की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। बाद में बिरजू उरांव ने जंगल से बरामद शव की पहचान अपने पुत्र के रूप में की।

अनुसंधान के दौरान पुलिस को पंकज और उसकी पत्नी अनिमा के बीच लंबे समय से विवाद की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक अनिमा ने पंकज पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। इसी विवाद के बाद कथित तौर पर पंकज की हत्या की योजना बनाई गई।

पुलिस का दावा है कि अनिमा और उसके पिता ने तेतरी देवी तथा उसके पति पिंटू कुमार दास के साथ मिलकर पंकज की हत्या के लिए 10 लाख रुपये में सौदा तय किया था। जांच के दौरान करीब आठ लाख रुपये तेतरी देवी के बैंक खाते में होने की बात भी सामने आई। पुलिस के अनुसार हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए रिंकी देवी और उसके पति जितेंद्र कुमार को भी शामिल किया गया। रिंकी देवी ने कथित तौर पर ‘काजल कुमारी’ के नाम से पंकज से मोबाइल पर बातचीत की और उसे मिलने के लिए सतबरवा बुलाया।

पुलिस के मुताबिक पहली मुलाकात के बाद पंकज को दोबारा शाम में मिलने के लिए बुलाया गया। इसके बाद रिंकी कथित तौर पर पंकज को लेकर जंगल की ओर चली गई। पीछे से बोलेरो वाहन से अन्य आरोपी भी वहां पहुंच गए। पुलिस का कहना है कि जंगल में आरोपियों ने दुपट्टे से गला घोंटकर पंकज की हत्या कर दी और शव को एकता जंगल में फेंक दिया।

जांच में पुलिस ने यह भी दावा किया है कि अनिमा के पिता को जमीन बेचने से करीब 50 लाख रुपये मिले थे। इसी रकम में से कथित तौर पर 10 लाख रुपये पंकज की हत्या के लिए दिए गए थे। हालांकि, हत्या की साजिश, रकम के लेन-देन और वारदात में आरोपियों की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

पुलिस ने मामले में अनिमा कुमारी, पिंटू कुमार, तेतरी देवी, जितेंद्र उरांव, रिंकी देवी, रामजनम उरांव और दिलेश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से मृतक का पोको मोबाइल फोन, अन्य मोबाइल फोन, नकदी, बैंक पासबुक, चेकबुक और सुजुकी एक्सएल-6 कार (जेएच01ईए0391) समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने बरामद सामान को जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य बताया है।

इस संबंध में लेस्लीगंज थाना कांड संख्या 137/2026, दिनांक 23 सितंबर 2026 को धारा 103(1)/238(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। कार्रवाई में लेस्लीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय, सअनि बाबूलाल यादव, लेस्लीगंज रिजर्व गार्ड तथा पलामू पुलिस की तकनीकी शाखा के पदाधिकारी और जवान शामिल रहे।

गोविंदपुर में 24 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, तीन बच्चों के सिर से उठा मां का साया
जमशेदपुर: गोविंदपुर थाना क्षेत्र के खेड़ाकांड में रविवार सुबह 24 वर्षीय विवाहिता ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका…

विश्व पर्यटन दिवस पर सिमडेगा के प्रमुख पर्यटन स्थल को नई पहचान की दरकार, आस्था, प्रकृति और विरासत का संगम रामरेखा धाम
सिमडेगा: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर सिमडेगा का रामरेखा धाम एक बार फिर धार्मिक आस्था, प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक विरासत के…
















