परिसीमन में आदिवासी आरक्षित सीटें घटाने का विरोध, बंधु तिर्की बोले- 50% सीटें बढ़ें तो उसी अनुपात में बढ़ें आरक्षित सीटें

रांची: देश में प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर झारखंड में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। इस बीच कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बंधु तिर्की ने आदिवासी समुदाय के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर चिंता जताई है। शनिवार को रांची में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने स्पष्ट कहा कि परिसीमन के बाद यदि लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि होती है, तो अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी उसी अनुपात में बढ़ाई जानी चाहिए।
बंधु तिर्की ने कहा कि झारखंड में आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या किसी भी परिस्थिति में कम नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि यदि परिसीमन के दौरान आरक्षित सीटों का अनुपात प्रभावित होता है, तो इससे आदिवासी समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर आदिवासी समाज की चिंताओं से केंद्रीय कानून मंत्री और राष्ट्रपति को अवगत कराया गया है।
उन्होंने बताया कि झारखंड के सभी सांसदों के साथ-साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भी इस संबंध में दस्तावेज सौंपे गए हैं, ताकि संसद में चर्चा के दौरान आदिवासी समाज का पक्ष मजबूती से रखा जा सके। बंधु तिर्की के अनुसार, 30 अगस्त को भी परिसीमन के संभावित प्रभावों के खिलाफ बड़ी रैली आयोजित की गई थी।

कांग्रेस नेता ने कहा कि आरक्षित सीटों में कमी आने से आदिवासियों की राजनीतिक भागीदारी प्रभावित होगी। उन्होंने यहां तक आशंका जताई कि ऐसी स्थिति में झारखंड में आदिवासी मुख्यमंत्री बनने की संभावनाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि आदिवासी समाज के संवैधानिक और राजनीतिक अधिकारों पर किसी तरह का असर पड़ने की स्थिति में आंदोलन किया जाएगा।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन में लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि तथा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की चर्चा है। प्रस्तावित बदलाव के तहत झारखंड में लोकसभा की सीटें 14 से बढ़कर 21 और विधानसभा की 81 सीटें बढ़कर लगभग 121-122 होने का अनुमान जताया जा रहा है। हालांकि, परिसीमन की प्रक्रिया और आरक्षित सीटों के निर्धारण को लेकर अभी कई सवाल बने हुए हैं।
इधर, परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को झामुमो के सांसदों और विधायकों की बैठक भी बुलाई है। इस बैठक में पार्टी की आगे की रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है।

लंबित न्यायिक मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए नगर आयुक्त ने दिए निर्देश, दो टीमें होंगी गठित
रांची: रांची नगर निगम में लंबित न्यायिक मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने विधि शाखा की समीक्षा…

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में भाजयुमो का धरना, रिहाई और उच्चस्तरीय जांच की मांग
अभिषेक भारती की गिरफ्तारी पर भाजयुमो का विरोध पत्रकार की तत्काल रिहाई की मांग पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग सिमडेगा…
















