villagers-erupt-anger-students-death-block

छात्रा की मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, चार घंटे सड़क जाम

Share
Link copied
villagers-erupt-anger-students-death-block
villagers-erupt-anger-students-death-block

निर्मल सिंह

गुमला: बालू लदे ट्रैक्टर की चपेट में आने से 12 वर्षीय छात्रा रितिका उरांव की मौत के बाद शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मुआवजे और अन्य मांगों को लेकर ग्रामीणों ने शव के साथ उर्मी बाइपास चौराहा पर करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कुम्हरिया डिपाटोली निवासी रोहित उरांव की बेटी रितिका अपने भाई आयुष के साथ साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान ज्ञान ज्योति स्कूल के समीप बालू लदे ट्रैक्टर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में रितिका की मौत हो गई, जबकि उसका भाई आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

Sthapna Diwas
Advertisement

शनिवार को ग्रामीणों ने मुआवजे, घायल आयुष के बेहतर इलाज, उसकी मुफ्त शिक्षा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान अवैध बालू ढुलाई के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। ग्रामीणों का कहना था कि बालू लदे वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से सड़क पर हादसों का खतरा बना रहता है।

सड़क जाम की सूचना पर थाना प्रभारी दिनेश कुमार और अंचल अधिकारी हरिश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान ट्रैक्टर मालिक और थाना प्रभारी की ओर से 10-10 हजार रुपये तथा जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी समेत अन्य लोगों ने पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। सरकारी मुआवजा दिलाने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने करीब चार घंटे बाद जाम समाप्त किया। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।

ABOUT THE AUTHOR
Drishti Now Desk

Drishti Now Desk

Desk

Drishti Now एक स्वतंत्र हिंदी डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जिसकी प्राथमिक कवरेज झारखंड और बिहार से जुड़ी खबरों पर केंद्रित है। इसके साथ देश और दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं पर भी समाचार प्रकाशित किए जाते हैं। राजनीति, अपराध, समाज, धर्म, शिक्षा, खेल, प्रशासन, मौसम और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से कवर किया जाता है। Drishti Now का उद्देश्य पाठकों तक महत्वपूर्ण समाचारों और घटनाक्रमों की स्पष्ट, तथ्यपरक और जिम्मेदार जानकारी पहुंचाना है। Drishti Now — नजर हर खबर पर।