रांची विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज में प्रो-बोनो और लिटिगेशन पर विशेष टॉक सेशन आयोजित

रांची: रांची विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (आईएलएस) के प्रो-बोनो क्लब की ओर से शनिवार को ‘प्रो-बोनो और लिटिगेशन की व्यावहारिक जानकारी’ विषय पर विशेष टॉक सेशन आयोजित किया गया। आईएलएस के मूट कोर्ट सह ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सिविल जज शुभाशीष रसिक सोरेन ने विद्यार्थियों को समय पर न्याय, मानवीय संवेदनशीलता और जरूरतमंदों तक कानूनी सहायता पहुंचाने के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि न्याय प्रक्रिया में समय की अहम भूमिका है। मामलों को सही समय पर सामने नहीं लाने और प्रक्रियागत देरी का न्यायिक परिणामों के साथ लोगों के जीवन पर भी गहरा प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि प्रो-बोनो कार्य में सहानुभूति और आत्मसंतोष सबसे महत्वपूर्ण हैं। जरूरतमंदों को न्याय प्रक्रिया में भागीदार बनाकर उनका अधिकार दिलाने से जो संतुष्टि मिलती है, वही आगे भी इस दिशा में काम करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने बताया कि झारखंड के कई लोग आर्थिक कठिनाइयों के कारण दिल्ली स्थित सुप्रीम कोर्ट तक नहीं पहुंच पाते। ट्रेन से दिल्ली जाने में भी 15 से 20 हजार रुपये तक खर्च हो जाते हैं। ऐसे लोगों को राहत देने के लिए रांची से ही सुप्रीम कोर्ट में फाइलिंग और कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कोर्ट फीस और कानूनी प्रक्रियाओं में आने वाली बाधाओं पर भी चर्चा की।

कानूनी जागरूकता से ही महिला सशक्तिकरण संभव
झारखंड हाई कोर्ट की वरिष्ठ अधिवक्ता वंदना सिंह ने कानूनी जागरूकता को महिला सशक्तिकरण और वंचित समुदायों के अधिकारों की रक्षा का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक बदलाव की शुरुआत जागरूकता से होती है। रामायण में जाम्बवंत द्वारा हनुमान को उनकी शक्तियों का स्मरण कराने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि जानकारी और आत्मबोध से ही व्यक्ति अपनी क्षमताओं को पहचान पाता है। इसी तरह संविधान और कानून में मिले अधिकारों की जानकारी लोगों को सशक्त बनाती है।
एआई की चुनौतियों पर भी हुई चर्चा
शिक्षाविद् धीरेंद्र त्रिपाठी ने मानव सभ्यता के विकास, प्रकृति के साथ बढ़ते टकराव और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़ी चुनौतियों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि मनुष्य ने अपने विवेक और तकनीक के बल पर विकास की लंबी यात्रा तय की है, लेकिन प्रकृति पर नियंत्रण की होड़ चिंताजनक स्थिति पैदा कर रही है। उन्होंने आशंका जताई कि मानव निर्मित तकनीक भविष्य में स्वयं मनुष्य के लिए चुनौती बन सकती है।
उन्होंने कहा कि केवल सामाजिक न्याय की अवधारणा पर्याप्त नहीं है। जलवायु परिवर्तन की मौजूदा चुनौतियों के बीच समग्र दृष्टिकोण अपनाने और भारतीय संस्कृति में निहित ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ की भावना को समझने की जरूरत है। कार्यक्रम में आईएलएस के निदेशक डॉ. आचार्य ऋषि रंजन, विभाग के शिक्षक और कानून के विद्यार्थी उपस्थित थे।

परिसीमन बिल पर JMM का सधा हुआ रुख, अध्ययन के बाद ही समर्थन या विरोध का फैसला
BIG POLITICAL UPDATE परिसीमन बिल पर JMM का सधा हुआ रुख मुख्यमंत्री आवास में JMM की अहम बैठक समाप्त। बिल के प्रावधानों…

झारखंड की 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन, मुख्यमंत्री ने कहा- 2050 तक राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाना लक्ष्य
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और राज्य सरकार के दूसरे कार्यकाल की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को…
















