रांची नगर निगम चुनाव 2026: कल 22 फरवरी को मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम से पोलिंग पार्टियों की रवानगी, सभी तैयारियां पूरी
रांची : रांची में नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 के लिए अंतिम तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, रांची नगर निगम क्षेत्र और बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र के मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां कल यानी 22 फरवरी 2026 को रवाना की जाएंगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रवानगी का मुख्य केंद्र मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर बनाया गया है। यहां मतदान सामग्री, बैलेट पेपर, सुरक्षा उपकरण, आवश्यक रिकॉर्ड, वाहन व्यवस्था, मतदान कर्मियों के लिए बैठने और प्रतीक्षा की उचित व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश तथा सुरक्षा बलों की तैनाती सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
आज देर रात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम डिस्पैच सेंटर का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों, नोडल अधिकारियों एवं टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों, प्रक्रियाओं एवं समय-सारिणी का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस निर्वाचन को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और निर्भय वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा उच्च स्तरीय निगरानी की जा रही है। मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। रांची नगर निगम के 53 वार्डों में कुल 909 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं, प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों और आम जनता से अपील की है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें, शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें तथा राज्य निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।

















