ईडी की बड़ी कार्रवाई: झारखंड-बंगाल में कोयला माफिया पर शिकंजा, 42 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी
धनबाद/रांची/कोलकाता : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने शुक्रवार को झारखंड और पश्चिम बंगाल में अवैध कोयला खनन, चोरी, तस्करी और मनी लॉन्ड्रिंग के बड़े नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दोनों राज्यों में कुल 42 से ज्यादा ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!झारखंड में धनबाद, रांची सहित कुल 18 ठिकाने और पश्चिम बंगाल में कोलकाता, दुर्गापुर, पुरुलिया, हावड़ा सहित 24 ठिकाने पर यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की गई है। मुख्य आरोपी जिनके ठिकानों पर छापा पड़ा उनमें, कोयला कारोबारी कुंदन सिंह (एल.बी. सिंह), अनिल गोयल संजय उद्योग, अमर मंडल, नरेंद्र खरका, युधिष्ठिर घोष, कृष्ण मुरारी कयाल सहित कई अन्य बड़े कोयला व्यापारी और उनके सहयोगी शामिल हैं।
आरोप है कि इन लोगों के नेटवर्क ने अवैध कोयला खनन, चोरी और गैर-कानूनी परिवहन के जरिए सरकारी खजाने को सैकड़ों करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है। कोल इंडिया की खदानों से कोयला चोरी कर उसे ओपन मार्केट में ऊंचे दामों पर बेचने का बड़ा रैकेट चल रहा था।
झारखंड का धनबाद कोयला माफिया का गढ़ माना जाता है। यहां ED की टीम ने कई बड़े कोयला कारोबारियों के घर, ऑफिस और गोदामों पर छापेमारी की। सूत्रों के मुताबिक कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं।
पिछले कुछ वर्षों में ईडी ने कोयला घोटाले से जुड़े कई मामलों में बड़ी रकम जब्त की है और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया है। आज की यह कार्रवाई कोयला माफिया के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी संयुक्त ऑपरेशनों में से एक मानी जा रही है। आगे की जांच जारी है।

















