मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सेरेंगसिया शहीद स्मारक पर अमर वीरों को दी श्रद्धांजलि
सेरेंगसिया (पश्चिमी सिंहभूम) : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोटो प्रखंड अंतर्गत सेरेंगसिया में आयोजित शहीद नमन-सह-विकास परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं परिसंपत्ति वितरण समारोह में भाग लिया। उन्होंने सेरेंगसिया शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर 1837 के अंग्रेज-विरोधी महासंग्राम में शहादत देने वाले महानायक पोटो हो सहित सभी अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और शीश नवाया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मुख्यमंत्री ने कहा, “झारखंड हमेशा से शूरवीरों की धरती रही है। जब देश में आजादी की लड़ाई शुरू भी नहीं हुई थी, तब यहां के आदिवासियों ने अंग्रेजों से लोहा लिया था। कोल्हान का कोल विद्रोह इतिहास के पन्नों में दर्ज है। हमारे पूर्वजों ने अपनी पहचान, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए सब कुछ न्योछावर कर दिया। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर और पोटो हो जैसे वीरों की शहादत की गवाह यह धरती है।”
उन्होंने आगे कहा, “अपने वीर शहीदों का सम्मान हमारी परंपरा है, जिसे हम और मजबूती से आगे बढ़ा रहे हैं ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने पूर्वजों के बलिदान को जान सकें। हम सभी को उनके आदर्शों और सपनों को पूरा करने का संकल्प लेना चाहिए।”
इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 398 करोड़ 19 लाख 35 हजार 298 रुपये की लागत से 197 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इसमें 122 योजनाओं का शिलान्यास (224 करोड़ 78 लाख 77 हजार 843 रुपये की लागत से), 75 महत्वाकांक्षी योजनाओं का उद्घाटन (173 करोड़ 40 लाख 57 हजार 405 रुपये की लागत से) शामिल है, इसके अलावा, विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत 3 लाख 77 हजार 256 लाभार्थियों के बीच 637 करोड़ 43 लाख 13 हजार 500 रुपये की परिसंपत्तियां वितरित की गईं। साथ ही, 1479 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने बच्चों-बेटियों को हर हाल में पढ़ाएं। सरकार हर स्तर पर सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा, “जब तक हम आर्थिक, सामाजिक, शैक्षणिक और बौद्धिक रूप से मजबूत नहीं होंगे, तब तक आगे नहीं बढ़ सकते। हमारी सरकार अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही है। मुख्यमंत्री मइंया सम्मान योजना के तहत 18-50 वर्ष की महिलाओं को प्रतिवर्ष 30 हजार रुपये दिए जा रहे हैं ताकि आधी आबादी सशक्त और आत्मनिर्भर बने।”
उन्होंने बताया कि गरीब बच्चों को निजी स्कूलों की तर्ज पर उत्कृष्ट शिक्षा, फ्री कोचिंग, विदेश में उच्च शिक्षा के लिए 100% स्कॉलरशिप जैसी योजनाएं चल रही हैं। हेमंत सोरेन ने जोर देकर कहा, “हमारी सरकार हेडक्वार्टर से नहीं, गांवों से चल रही है। झारखंड विकास के हर मोर्चे पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है।”
कार्यक्रम में मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद जोबा मांझी, विभिन्न विधायकगण, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, पुलिस उप महानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

















