पलामू पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट वाली कार से अफीम डोडा तस्करी का भंडाफोड़ किया, चार गिरफ्तार
पलामू पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगी एक सफेद इर्टिगा कार से अफीम डोडा की तस्करी में संलिप्त चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन के साथ-साथ मूल नंबर प्लेट, चार मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद भी जप्त किए हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पुलिस अधीक्षक पलामू को मिली गुप्त सूचना के अनुसार, रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FV4879 वाली सफेद इर्टिगा कार से कुछ संदिग्ध व्यक्ति डालटनगंज से पांकी की ओर जा रहे थे। इस पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लेस्लीगंज के नेतृत्व में बैरिया मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच दौरान कार को रोका गया तो पता चला कि उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई है।
पूछताछ में वाहन सवारों ने कबूल किया कि वे अफीम डोडा के अवैध व्यापार से जुड़े हैं और पुलिस की नजरों से बचने के लिए फर्जी प्लेट का इस्तेमाल कर रहे थे। कार की तलाशी में मूल नंबर प्लेट (UP25EL3625) अंदर छुपी मिली। अभियुक्तों के मोबाइल फोन की जांच से खुलासा हुआ कि वे पिपराटांड और चतरा से अफीम डोडा खरीदने आए थे। इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन/खाता माध्यम से आपूर्तिकर्ताओं को 8 लाख रुपये पहले ही ट्रांसफर कर दिए थे।
इस मामले में लेस्लीगंज थाना कांड संख्या 154/25, दिनांक 26 अक्टूबर 2025, धारा 338/336(3)/340(2)/3(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों के नाम फिरोज अहमद अंसारी, शाहनवाज, इरफान और अभय प्रताप सिंह बताया जा रहा है। पुलिस ने इनके पास से फर्जी नंबर प्लेट वाली इर्टिगा कार, जिसका मूल नंबर प्लेट (UP25EL3625) है, 4 मोबाइल फोन और 30,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

















