राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज धनबाद में IIT-ISM के 46वें दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल
धनबाद : भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू आज धनबाद स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-ISM) के 46वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह आयोजन संस्थान के लोअर ग्राउंड में भव्य पंडाल में सुबह 11:40 बजे से शुरू होगा, जिसमें करीब 1200 से अधिक छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान की जाएगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!राष्ट्रपति मुर्मू दोपहर 12 बजे IIT-ISM कैंपस पहुंचेंगी। इस दौरान वे 20 मेधावी छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल से सम्मानित करेंगी, जिसमें प्रेसिडेंट गोल्ड मेडल भी शामिल है। इसके अलावा, वे संस्थान के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक विशेष डाक टिकट का विमोचन करेंगी और प्रधानमंत्री के प्रधान सलाहकार डॉ. पीके मिश्रा को डॉक्टरेट ऑफ साइंस (Honoris Causa) की मानद उपाधि प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। समारोह में राष्ट्रपति का संबोधन दोपहर 1:15 बजे होगा, जिसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर धनबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जिला प्रशासन ने धनबाद हवाई अड्डे से लेकर IIT-ISM कैंपस तक के रास्ते पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। 28 ऊंची इमारतों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, और 31 जुलाई सुबह 10 बजे से 1 अगस्त शाम 6 बजे तक धनबाद हवाई क्षेत्र को ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है।
IIT-ISM, जो अपने स्थापना के 100वें वर्ष की ओर अग्रसर है, इस दीक्षांत समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए तैयार है। समारोह में काले कपड़ों पर प्रतिबंध लगाया गया है, और छात्र-छात्राओं को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
राष्ट्रपति मुर्मू IIT-ISM के दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाली दूसरी राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 2014 में संस्थान के 36वें दीक्षांत समारोह में भाग लिया था।

















