भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ हिन्दू नववर्ष का अभिनंदन, शोभायात्रा में शामिल लोंगो का कई सामाजिक संगठनों ने किया स्वागत
भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ हिन्दू नववर्ष का अभिनंदन, शोभायात्रा में शामिल लोंगो का कई सामाजिक संगठनों ने किया स्वागत

नरेश शर्मा
सिमडेगा नव वर्ष विक्रम संवत 2083 के पावन अवसर पर श्रीहरि वनवासी विकास समिति द्वारा संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सलडेगा के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा एवं कलश यात्रा निकाली गई। प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार पाठक के नेतृत्व में विद्यालय प्रांगण से शुरू हुई यह यात्रा प्रिंस चौक और नीचे बाजार होते हुए पुनः विद्यालय में संपन्न हुई। शोभायात्रा में भारतीय संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली।
इसमें नव दुर्गा के स्वरूपों में सुसज्जित बहनें, बजरंग बली के रूप में सजे नन्हे बालक और राजा विक्रमादित्य के राजदरबार की मनमोहक झांकियों ने नगरवासियों का मन मोह लिया। भगवा ध्वज थामे अनुशासित छात्र छात्राएं के जय श्री राम और भारत माता की जय के नारों से पूरा नगर गुंजायमान रहा।
इस अवसर पर नगरवासियों ने किया भव्य स्वागत
नगर परिषद अध्यक्ष ओलिवर लाकड़ा, उपाध्यक्ष दीपक अग्रवाल (रिंकू) सहित विभिन्न संगठनों और समाजसेवियों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का अभिनंदन किया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा बच्चों के लिए शीतल जल, शरबत और स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय पुलिस प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर कौशल राज सिंह देव, संरक्षक पुरुषोत्तम अग्रवाल, रमेश गोयल, अध्यक्ष हनुमान बोंदिया, विद्या बड़ाईक, रामकृष्ण महतो, सुदर्शन सिंह, मुरारी प्रसाद, संतोष दास और वार्ड पार्षद कमला कुमारी सहित विद्यालय परिवार व बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे। अंत में विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

















