protest-ranchi-against-arrest-journalist-abhishek

पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी के विरोध में रांची में प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग

Share
Link copied

एल्बर्ट एक्का चौक पर जुटे पत्रकारों ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

रांची। पत्रकार अभिषेक भारती की गिरफ्तारी और हिरासत में कथित थर्ड डिग्री टॉर्चर के विरोध में रविवार को राजधानी रांची में पत्रकारों का आक्रोश देखने को मिला। भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के नेतृत्व में पत्रकारों ने एलबर्ट एक्का चौक पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पत्रकार को न्याय दिलाने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल पत्रकारों और वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा से जुड़े नाबालिग पीड़िता के मामले को सार्वजनिक करने के बाद पत्रकार अभिषेक भारती को निशाना बनाया जा रहा है। उनका कहना था कि मामले की तह तक जाने के बजाय पुलिस ने पत्रकार के कार्यालय में छापेमारी कर उपकरण जब्त किए और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पत्रकारों ने हिरासत के दौरान उनके साथ कथित मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया।

न्यायालय में सीलबंद बयान, फिर पत्रकार पर कार्रवाई क्यों?

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 183 के तहत दर्ज बयान न्यायालय में सीलबंद हैं, तो मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पत्रकारों ने अपहरण के आरोपों को निराधार बताते हुए नाबालिग के मोबाइल लोकेशन, सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की।

विधायक के कथित बयान पर भी जताई नाराजगी

प्रदर्शनकारियों ने विधायक भूषण बाड़ा के उस कथित बयान पर भी आपत्ति जताई, जिसमें खबर दिखाने वाले लोगों को ‘सूद सहित लौटाने’ की बात कही गई थी। पत्रकारों का कहना था कि मीडिया को धमकाने या दबाव में लेने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पूरा मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में सभी पक्षों को कानूनी प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए और जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए। संघ ने स्पष्ट किया कि पत्रकारों को डराकर या जेल भेजकर जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने से नहीं रोका जा सकता। संघ ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई और पत्रकार अभिषेक भारती को न्याय नहीं मिला, तो राज्यभर में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

ABOUT THE AUTHOR
रिक्की राज

रिक्की राज

रिपोर्टर

रिक्की राज को पिछले दस वर्षों का मीडिया के क्षेत्र का अनुभव है । इस दौरान पांच वर्षो से इन्होंने डिजिटल मीडिया के लिए इन्होंने कई बड़ी खबरों का कवरेज किया है ।