सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में धूमधाम से मना जनजातीय गौरव दिवस, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिखाई जनजातीय विरासत की झलक

सिमडेगा: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सलडेगा में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। वनवासी कल्याण केंद्र झारखंड की शैक्षिक इकाई श्रीहरि वनवासी विकास समिति द्वारा संचालित विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत संकुल प्रमुख संतोष दास और प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार पाठक ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और पुष्पार्चन कर की।
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पूर्व निर्धारित शोभायात्रा स्थगित कर कार्यक्रम विद्यालय परिसर में ही आयोजित किया गया। हालांकि, खराब मौसम के बावजूद विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में विद्यालय के चार दलों- छत्रपति शिवाजी, भरत, एकलव्य और आरुणि दल के विद्यार्थियों के बीच रूप सज्जा प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने जनजातीय महापुरुषों और पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से जनजातीय संस्कृति और विरासत को प्रदर्शित किया।
वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सामूहिक और एकल गीत प्रस्तुत किए। विद्यालय की आचार्याओं ने झारखंड की लोकसंस्कृति को दर्शाते हुए पारंपरिक डमकच गीत प्रस्तुत किया। अन्य गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संतोष दास ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष और समाज के लिए उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत पर गर्व करने तथा महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने वनवासी कल्याण आश्रम की ओर से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार पाठक ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपनी सांस्कृतिक पहचान, परंपरा और स्वाभिमान को मजबूत करने के साथ राष्ट्र के प्रति समर्पण का भाव विकसित करने का अवसर है।
5 दिसंबर से शुरू होगा रांची के आधुनिक स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
रांची: शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप मांस उपलब्ध कराने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल तेज…

IITF-2026 में झारक्राफ्ट की सिल्क साड़ियों ने बटोरी सुर्खियां, तसर और मलबेरी सिल्क साड़ियों, दुपट्टों व कॉटन उत्पादों की बढ़ी मांग
नई दिल्ली: भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन के झारक्राफ्ट और झारखंड राज्य खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के स्टॉल पर…
















