5 दिसंबर से शुरू होगा रांची के आधुनिक स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

रांची: शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्य मानकों के अनुरूप मांस उपलब्ध कराने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को कांके स्थित नगर निगम के आधुनिक स्लॉटर हाउस का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्य पूरे कर 5 दिसंबर से स्लॉटर हाउस का ट्रायल रन हर हाल में शुरू किया जाए। निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं होने पर संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी भी दी गई।
पांच एकड़ भूमि पर निर्मित इस स्लॉटर हाउस में पशुओं के वध, मांस की कटाई और सफाई के लिए आधुनिक मशीनें एवं उपकरण लगाए गए हैं। यहां पशु चिकित्सक की निगरानी में वध से पहले पशुओं की चिकित्सकीय जांच और मांस की गुणवत्ता व स्वच्छता सुनिश्चित करने की व्यवस्था है। स्लॉटर हाउस से शहर की मांस दुकानों तक आपूर्ति के लिए दो डीप फ्रीजर युक्त वाहनों की भी व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मशीनों, आधारभूत संरचना, स्वच्छता व्यवस्था और परिसर की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित एजेंसी को सभी लंबित मैकेनिकल और सिविल कार्य निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही परिसर और आसपास के क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने, झाड़ियों एवं घास की कटाई करने तथा बिजली, वाहन पड़ाव और बाउंड्री वॉल समेत जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त करने को कहा।
नगर आयुक्त ने स्वास्थ्य शाखा को निर्देश दिया कि स्लॉटर हाउस का संचालन खाद्य सुरक्षा एवं मानक विनियम, 2011 और पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण (स्लॉटर हाउस) नियम, 2001 के प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए वेटरनरी ऑफिसर को पशुओं की वध-पूर्व जांच, मांस की गुणवत्ता और स्वास्थ्य मानकों के अनुपालन की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।
नगर निगम के अनुसार, स्लॉटर हाउस के दोबारा शुरू होने से मांस की कटाई और आपूर्ति की प्रक्रिया व्यवस्थित होगी। इससे अवैध और अस्वच्छ तरीके से संचालित मांस दुकानों पर नियंत्रण लगाने में भी मदद मिलेगी। आम नागरिक निर्धारित शुल्क देकर अपने पशुओं का हलाल या झटका विधि से वध भी करा सकेंगे।

12 दिसंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक मामलों के निष्पादन की तैयारी तेज
सिमडेगा: आगामी 12 दिसंबर को आयोजित होने वाली साल की चौथी राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसे…

चूरी माइंस में कोयला ढुलाई पर धमकी का फरमान, कई ट्रकों को जलाने की चेतावनी से खलारी में हड़कंप
डकरा पेट्रोल पंप के सामने फरवरी में हुई आगजनी की घटना का दिया हवाला, डीओ होल्डर, लिफ्टर और डंप कमेटी से बातचीत…
















