रांची पुलिस का बड़ा एक्शन: नीदरलैंड से डार्क वेब के जरिए मंगवाई जा रही थी LSD, दो गिरफ्तार
रांची पुलिस का बड़ा एक्शन: नीदरलैंड से डार्क वेब के जरिए मंगवाई जा रही थी LSD, दो गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची | 26 फरवरी, 2026
राजधानी रांची में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। रांची पुलिस ने डार्क वेब (Dark Web) और क्रिप्टो करेंसी (Crypto Currency) के जरिए विदेशों से मादक पदार्थ मंगवाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने ओझा मार्केट, हेसल इलाके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 8 लाख रुपये मूल्य की LSD (Lysergic Acid Diethylamide) बरामद की गई है।
कैसे हुआ खुलासा?
वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि डार्क वेब के माध्यम से मादक पदार्थों की एक खेप अंतरराष्ट्रीय कूरियर के जरिए रांची पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर सिटी एसपी के निर्देशन में कोतवाली डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
ग्रीटिंग कार्ड में छिपाकर लाया गया था नशा
छापेमारी दल ने ओझा मार्केट के पास जाल बिछाया। जैसे ही एक लाल कपड़े पहना युवक स्कूटी से पार्सल रिसीव करने पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सफेद लिफाफा मिला, जिस पर ‘NEDERLAND INTERNATIONAL’ का टिकट लगा था।
हैरानी की बात यह है कि नशे को छिपाने के लिए तस्करों ने ‘Belgian Greetings’ कार्ड का इस्तेमाल किया था। कार्ड के अंदर 100 पैच LSD (रंग-बिरंगे कागज के टुकड़े) पाए गए, जिनका कुल वजन 2.33 ग्राम (सिल्वर पेपर सहित) है।
क्रिप्टो करेंसी से होता था भुगतान
गिरफ्तार आरोपी कुमार अभिषेक (20 वर्ष) और अविनाश कुमार मिश्र (21 वर्ष) ने पूछताछ में बताया कि वे डार्क वेब के जरिए नीदरलैंड से यह ड्रग्स मंगवाते थे। इसका भुगतान क्रिप्टो करेंसी के माध्यम से किया जाता था ताकि लेनदेन का पता न चल सके।
जप्त किए गए सामान की सूची:
पुलिस ने आरोपियों के पास से न केवल ड्रग्स, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल होने वाले हाई-टेक गैजेट्स भी बरामद किए हैं:
* LSD: 100 पैच (बाजार मूल्य लगभग 8 लाख रुपये)
* मोबाइल: iPhone 17 Pro और iPhone 14 Plus
* लैपटॉप: DELL और ASUS कंपनी के दो लैपटॉप
* वाहन: Aprilia SR-150 स्कूटी (JH01ET-4956)
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने इस मामले में सुखदेवनगर (पण्डरा ओ०पी०) कांड सं0-65/2026 दर्ज किया है। आरोपियों पर NDPS एक्ट की धारा 22(c), 27(A) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि रांची में इनके और कौन-कौन से साथी सक्रिय हैं और यह ड्रग्स किन ग्राहकों को बेची जानी थी।

















