रांची नगर निगम चुनाव में सियासी बवाल तेज: झामुमो पर साइलेंस पीरियड में आचार संहिता उल्लंघन का आरोप, भाजपा कहा FIR दर्ज हो
रांची: रांची नगर निगम चुनाव के साइलेंस पीरियड में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। भाजपा प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य पर आचार संहिता के गंभीर उल्लंघन का आरोप लगाते हुए राज्य निर्वाचन आयोग से तत्काल FIR दर्ज करने की मांग की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मनोज कुमार सिंह ने कहा कि साइलेंस पीरियड चल रहा है और चुनाव प्रचार की समय सीमा समाप्त हो चुकी है, लेकिन झामुमो नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस वार्ता में खुलेआम झामुमो समर्थित प्रत्याशी के लिए वोट मांगा और चुनाव चिन्ह का जिक्र किया। उन्होंने इसे स्पष्ट रूप से आचार संहिता का उल्लंघन बताया और कहा कि यह न केवल अपने प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार है, बल्कि पुलिस प्रशासन के सहारे वोट प्रभावित करने की मंशा भी जाहिर करता है।
मनोज कुमार सिंह ने आगे कहा, “झामुमो पहले से ही निकाय चुनाव में हार की आशंका से घिरा हुआ है। इसी डर से सत्ताधारी गठबंधन ने दलीय आधार पर चुनाव नहीं कराया और बैलेट पेपर से मतदान का फैसला लिया ताकि पुलिस-प्रशासन को टूलकिट बनाकर इस्तेमाल किया जा सके। अपराधियों और गुंडों के जरिए पूरे राज्य में दहशत फैलाई जा रही है, एक तरफ आतंक तो दूसरी तरफ भ्रम और दुष्प्रचार का सहारा लिया जा रहा है।”
उन्होंने झामुमो पर तंज कसते हुए कहा कि अगर पार्टी में थोड़ी भी राजनीतिक समझ और नैतिकता बाकी है, तो नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी पर पैसे बांटने का आरोप साबित करे। “पुलिस प्रशासन उनके हाथ में है, सबूत पेश करें, भ्रम नहीं फैलाएं।”
मनोज कुमार सिंह ने जोर देकर कहा कि सुप्रियो भट्टाचार्य ने साइलेंस पीरियड में जो बयान दिए, वह चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश है। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग से अविलंब कार्रवाई की मांग की और कहा, “झामुमो नेता पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए।”

















