20260221 202141

रांची नगर निगम एवं बुंडू नगर पंचायत चुनाव 2026: सुरक्षा, सुविधा और निष्पक्षता पर जोर, कल से मतदान कर्मी रवाना

रांची : आगामी 23 फरवरी 2026 को होने वाले रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत निर्वाचन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगर निगम चुनाव), श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में चुनाव से जुड़े सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और मतदाताओं की सुविधा पर विस्तृत चर्चा हुई।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, उप विकास आयुक्त सौरभ कुमार भुवनिया, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं यातायात, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सभी पदाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया जाए ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता या बाधा न आए। मतदाताओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने पर जोर दिया गया।

रांची नगर निगम क्षेत्र में कुल 53 वार्डों के लिए 909 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 7 मतदान केंद्र पूर्ण रूप से महिला संचालित रहेंगे। ये केंद्र मोरहाबादी स्थित रेड क्रॉस सोसाइटी में स्थापित किए गए हैं।

दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। रांची नगर निगम क्षेत्र के 909 मतदान केंद्रों पर कुल 422 व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई हैं, जबकि बुंडू नगर पंचायत के 16 बूथों पर 16 व्हीलचेयर तैनात की गई हैं। कुल मिलाकर 438 व्हीलचेयर मतदाताओं की सहायता के लिए उपलब्ध रहेंगी।

कल दिनांक 22 फरवरी 2026 को मोरहाबादी स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मियों को उनके-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

Share via
Share via