रांची पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी के दो आरोपियों को दबोचा, 12 लाख रुपये कीमत का मादक पदार्थ बरामद
रांची : रांची पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 61.19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड के पास की गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, रांची को 11 फरवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे गुप्त सूचना मिली कि सासाराम (बिहार) से दो व्यक्ति ब्राउन शुगर लेकर बस से रांची आ रहे हैं और कांटाटोली से न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड के पास पहुंचने वाले हैं। इस सूचना पर पुलिस अधीक्षक नगर, रांची के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल गठित किया गया।
रात करीब 9:30 बजे न्यू मार्केट चौक मंदिर के कोने पर टेम्पू स्टैंड के पास दो संदिग्ध युवक दिखे, जो पुलिस को देखते ही भागने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ पर दोनों ने अपना नाम सोनू कुमार यादव और अजय यादव बताया गया।
तलाशी के दौरान सोनू कुमार यादव के पास 43.85 ग्राम और अजय यादव के पास 17.34 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा एक सैमसंग मोबाइल फोन, रांची से सासाराम जाने वाला रेलवे टिकट और नगद 720 रुपये भी मिले। दोनों से वैध कागजात मांगे गए, लेकिन कोई नहीं दिखा सके।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे एक दिन पहले ट्रेन से सासाराम गए थे और वहां से बबन साह तथा सूरज साह से ब्राउन शुगर खरीदकर बस से रांची लौट रहे थे। वे ऑटो से अपने घर आनंदपुरी चौक जा रहे थे।
पुलिस ने उनके पास से 61.19 ग्राम ब्राउन शुगर (बाजार मूल्य करीब 12,00,000 रुपये), एक मोबाइल फोन, 720 रुपये नकद और एक रेलवे टिकट बरामद किए हैं।

















