शिबू सोरेन के स्वास्थ्य लाभ के लिए रांची के पहाड़ी मंदिर में रूद्राभिषेक, श्रद्धालुओं ने की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
झारखंड आंदोलन के पुरोधा, जेएमएम के संस्थापक संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना को लेकर रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी बाबा मंदिर में रूद्राभिषेक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अबुआ अधिकार मंच के सदस्यों द्वारा सोमवार को आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शिबू सोरेन के समर्थक शामिल हुए।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!वर्तमान में शिबू सोरेन दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती हैं। उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना के साथ भक्तिभाव से आयोजित इस रूद्राभिषेक में पंडितों ने पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। पूजा के बाद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ, जिसमें सभी ने शिवलिंग के समक्ष शीश नवाकर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य के लिए पहाड़ी बाबा से प्रार्थना की।
कार्यक्रम में सुनील यादव, विश्वास उरांव, संजय लकड़ा, सुरेंद्र पासवान, गौतम सिंह, नीरज वर्मा, वेदांत कौस्ताव, नीतीश सिंह सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे। शिबू सोरेन के स्वास्थ्य लाभ के लिए विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना और प्रार्थना का सिलसिला लगातार जारी है।

















