सिमडेगा की धमाकेदार जीत: रणधीर वर्मा ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में खूंटी को 155 रनों से रौंदा, सेमीफाइनल में प्रवेश
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : खेल की नगरी सिमडेगा के क्रिकेटरों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और जुनून से सबको प्रभावित कर दिया है। झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा धनबाद के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित रणधीर वर्मा ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सिमडेगा की सीनियर क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खूंटी को 155 रनों से करारी शिकस्त दी और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
सिमडेगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 42 ओवर में 10 विकेट खोकर 219 रन बनाए। टीम की ओर से हर्ष कुमार ने सर्वाधिक 50 रन की उपयोगी पारी खेली, जिसने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
जवाब में खूंटी की टीम पूरी तरह ढह गई और महज 13 ओवर में 64 रन पर ऑलआउट हो गई। सिमडेगा के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया, जिसमें जयप्रकाश यादव ने अकेले 6 विकेट चटकाए और विपक्षी टीम को किसी भी बड़े स्कोर की ओर बढ़ने नहीं दिया। इस शानदार गेंदबाजी के दम पर सिमडेगा ने मैच को आसानी से अपने नाम किया।
इस जीत पर सिमडेगा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बिजय पूरी सहित बोर्ड सदस्य श्रीराम पुरी, राजेश शर्मा, तौकीर उस्मानी, शशि मिश्रा और समी आलम के साथ एसोसिएशन के सभी सदस्यों ने टीम को बधाई दी।
रणधीर वर्मा ट्रॉफी के सेमीफाइनल मुकाबले 10 फरवरी को और फाइनल 12 फरवरी को खेले जाएंगे। सिमडेगा की टीम अब सेमीफाइनल में अपनी मजबूत लय बरकरार रखते हुए खिताब की दावेदारी मजबूत करने की कोशिश करेगी।
















