सिमडेगा में नगरपालिका निर्वाचन 2026 की तैयारियां जोरों पर: उपायुक्त ने सभी कमियों को दूर करने के दिए सख्त निर्देश
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित संचालन को लेकर एक व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदान पूर्व तैयारियों, मतदान दिवस पर न्यूनतम मूलभूत सुविधाओं (Assured Minimum Facilities – AMF), वज्रगृह, मतगणना केंद्र की व्यवस्था तथा प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के दायित्वों की गहन समीक्षा की गई।
उपायुक्त कंचन सिंह ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी 37 मतदान केंद्रों पर रैम्प, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर और विद्युत कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाएं मतदान से पहले अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने P-1 Day (मतदान से एक दिन पहले) पर संबंधित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा P-2 Day (मतदान से दो दिन पहले) को केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर साफ-सफाई, सेनेटाइजेशन और आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
कमियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
समीक्षा के दौरान सामने आया कि अभी भी कई केंद्रों पर सुविधाओं की कमी है:
– 10 केंद्रों पर रैम्प नहीं है।
– 11 केंद्रों पर पेयजल की व्यवस्था नहीं।
– 7 केंद्रों पर शौचालय उपलब्ध नहीं।
– 12 केंद्रों पर फर्नीचर की कमी।
– 10 केंद्रों पर विद्युत कनेक्शन नहीं।
उपायुक्त ने नगर परिषद, जिला समाज कल्याण कार्यालय और शिक्षा विभाग को इन कमियों को तुरंत दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने सख्ती से कहा कि किसी भी पोलिंग पार्टी को ठहरने या कार्य निष्पादन में कोई असुविधा नहीं होनी चाहिए। गद्दा, तकिया, बेडशीट, टेबल एवं अन्य आवश्यक फर्नीचर की आपूर्ति समय से पहले सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए।
वज्रगृह और मतगणना केंद्र की व्यवस्था
बैठक में बताया गया कि वज्रगृह एवं मतगणना केंद्र सिमडेगा कॉलेज में स्थापित किया जाएगा। यहां सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कवरेज, अग्निशमन उपकरण, मीडिया सेंटर, ऑब्जर्वर रूम और कम्युनिकेशन रूम की समुचित व्यवस्था की जाएगी। बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास मार्ग का निर्धारण तथा मेडिकल टीम की तैनाती भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मौजूद प्रमुख पदाधिकारी
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी पवन कुमार महतो, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सुरज मुन्नी कुमारी, नगर परिषद प्रशासक अरविंद, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिलेश केरकेट्टा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम, कार्यपालक अभियंता (भवन प्रमंडल) अमित मिंज, कार्यपालक अभियंता (विद्युत प्रमंडल) सहित प्रत्येक मतदान केंद्र के प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का आह्वान किया ताकि निर्वाचन पूरी तरह से शांतिपूर्ण, पारदर्शी और मतदाताओं के अनुकूल हो सके। प्रशासनिक स्तर पर सभी कोषांग सक्रिय रूप से कार्यरत हैं और चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
















