ड्यूटी के दौरान जवान की मौत, कोर्ट परिसर में मचा हड़कंप
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कोर्ट ड्यूटी में तैनात एक पुलिस जवान की अचानक मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान श्यामलाल मुर्मू के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्यामलाल मुर्मू गुरुवार शाम करीब चार बजे कोर्ट परिसर में ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे वहीं गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जवान की मौत की खबर मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और आम लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इस संबंध में सदर थाना प्रभारी रोहित कुमार रजक ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि जवान की मौत अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण हुई है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

















