जिले का हर सक्षम व्यक्ति गरीबों की करे मदद तो खुशहाल बनेगा सिमडेगा: जोसिमा खाखा
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : कड़ाके की ठंड के बीच जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष जोसिमा खाखा ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए पाकरटांड और सिमडेगा प्रखंड के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दर्जनों गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल वितरित किए। कंबल प्राप्त कर ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी झलक उठी और उन्होंने जोसिमा खाखा के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
मौके पर जोसिमा खाखा ने कहा कि ठंड के मौसम में सबसे अधिक परेशानी गरीब और बेसहारा परिवारों को झेलनी पड़ती है, जिनके पास ठंड से बचाव के पर्याप्त साधन नहीं होते। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के अलावा जिले के हर सक्षम व्यक्ति का नैतिक दायित्व है कि वे आगे बढ़कर जरूरतमंदों की मदद करें। इससे न केवल गरीबों को राहत मिलेगी, बल्कि सिमडेगा जिला खुशहाल बनेगा।
जोसिमा खाखा ने कांग्रेस पार्टी की गरीबों, दलितों, आदिवासियों और कमजोर वर्गों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा से इन वर्गों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके सुख-दुख में भागीदार बनेगी। गांवों में आज भी कई परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और ठंड में कंबल जैसी छोटी मदद भी उनके लिए बड़ी राहत साबित होती है। समाज में आपसी सहयोग और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य समरोम पौल टोपनो, विधायक प्रतिनिधि अख्तर खान, पंसस प्रतिमा कुजूर, जूली लुगुन सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।

















