20250829 191035

भाजपा ओबीसी मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक, नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण के लिए आंदोलन की घोषणा

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पिछड़ा जाति मोर्चा, झारखंड की प्रदेश स्तरीय बैठक आज रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप यादव ने की, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने हिस्सा लिया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

झारखंड सरकार पर बाबूलाल मरांडी का निशाना

बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि वर्तमान झारखंड सरकार निरंकुश हो चुकी है और राज्य में अराजकता का माहौल है। उन्होंने विधि व्यवस्था के चरमराने और भ्रष्टाचार के चरम पर होने का आरोप लगाया। मरांडी ने कहा कि पंचायत चुनाव में दो साल की देरी के बाद भी ओबीसी को आरक्षण नहीं दिया गया और अब नगर निकाय चुनाव में ढाई साल बीतने के बावजूद सरकार चुनाव कराने से बच रही है। उन्होंने इसे ओबीसी के अधिकारों को छीनने की साजिश करार दिया और कहा कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कांग्रेस पर वोट बहिष्कार का आरोप

मरांडी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब कई स्थानों पर वोट बहिष्कार कराकर जनता का मताधिकार छीना जाता था। उन्होंने कहा कि अब उग्रवाद समाप्त होने के बाद लोग निर्भीक होकर राष्ट्रहित में मतदान करते हैं, लेकिन कांग्रेस अब भी वोट चोरी का झूठा नाटक कर रही है।

ओबीसी मोर्चा से भाजपा को बड़ी उम्मीदें: डॉ. रविंद्र राय

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा कि ओबीसी मोर्चा भाजपा का सशक्त मोर्चा है और पार्टी को इससे बड़ी उम्मीदें हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पिछड़ा समाज को एकजुट कर पार्टी से जोड़ने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन कौशल, समय प्रबंधन और अनुशासन पर जोर दिया।

सेवा पखवाड़ा में स्वच्छता अभियान और रक्तदान शिविर

प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने आगामी सेवा पखवाड़ा के तहत ओबीसी मोर्चा को मंडल स्तर पर स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर और चिकित्सा शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। साथ ही, उन्होंने 31 अगस्त को प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम को बूथ स्तर पर आयोजित करने का आह्वान किया।

नरेंद्र मोदी की माता के अपमान पर भारी नाराजगी

भाजपा राज्यसभा सदस्य व प्रदेश महामंत्री आदित्य प्रसाद साहू ने बिहार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता के खिलाफ अपशब्दों की कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे पूरे देश, महिला और ओबीसी समाज का अपमान बताया। साहू ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही नरेंद्र मोदी के नेतृत्व से डरती रही है और उन्हें अपमानित करने का प्रयास करती रही है। उन्होंने ओबीसी मोर्चा के कार्यकर्ताओं से इस अपमान का मुंह तोड़ जवाब देने का आह्वान किया।

नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण के लिए आंदोलन

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप यादव ने बिहार में कांग्रेस गठबंधन द्वारा नरेंद्र मोदी के अपमान की निंदा करते हुए कहा कि ओबीसी मोर्चा इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगा। उन्होंने नगर निकाय चुनाव जल्द कराने और ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए चरणबद्ध जन आंदोलन की घोषणा की।

मुक्ति दिवस का आयोजन

डॉ. यादव ने बताया कि 31 अगस्त को विमुक्त, घुमंतु और अर्धघुमंतु समुदाय की गरिमा के प्रतीक *मुक्ति दिवस* सभी जिला केंद्रों पर मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 1871 में अंग्रेजों द्वारा लागू क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट के तहत इस समुदाय को अपराधी घोषित किया गया था, जिसे 1952 में निरस्त किया गया। 2015 में नरेंद्र मोदी सरकार ने इस समुदाय के लिए कल्याण बोर्ड बनाकर इन्हें मुख्यधारा से जोड़ा। उन्होंने जातीय जनगणना के निर्णय को भी सराहनीय बताया।

राष्ट्रीय मंत्री का आह्वान

राष्ट्रीय मंत्री कृष्णा महतो ने कहा कि ओबीसी मोर्चा समन्वय के साथ मजबूत है और आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर वंचित वर्ग को योजनाओं से लाभान्वित करना है।

बैठक में राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य देवनारायण प्रजापति, प्रदेश उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव, परमेश्वर चौधरी, उमेश रंजन साहू, अजय शर्मा, प्रदेश मंत्री अजय गुप्ता, इंद्रजीत यादव, विंध्याचल महतो, सुधीर यादव, रमेश बर्मन, श्रीमती संजू कुशवाहा, जितेंद्र चंद्रवंशी, योगेश दांगी, राधेश्याम कुशवाहा, गोपाल जयसवाल, बीरेंद्र कुमार सिंह, त्रिवेणी साहू, सुनील चौरसिया, अर्जुन प्रसाद वर्मा, धर्मेंद्र प्रसाद, संतोष गोप, लक्ष्मण पंडित सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Share via
Share via