6 वर्षीय मासूम का क्षत-विक्षत शव धान के खेत में मिला, ग्रामीणों का आक्रोश, CID जांच की मांग
दुमका : झारखंड के दुमका जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के कुसुमाहा स्थित संत मोनिका आवासीय विद्यालय से पांच दिन से लापता 6 वर्षीय बालक अमन सोरेन का क्षत-विक्षत शव स्कूल से महज 300 मीटर दूर धान के खेत में बरामद किया गया। शव बुरी तरह सड़-गल चुका था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने रामगढ़ बाजार को बंद करवाने के साथ ही सभी मुख्य मार्गों को जाम कर दिया और विद्यालय में तोड़फोड़ की।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार, अमन सोरेन, जो अमडापहाड़ी पंचायत के कुपी गांव का निवासी था और संत मोनिका आवासीय विद्यालय में नर्सरी का छात्र था, बीते शनिवार से लापता था। शनिवार रात विद्यालय संचालक ने अमन के अभिभावकों को फोन कर बताया कि उनका बच्चा विद्यालय में नहीं है। इसके बाद परिजनों ने रात में ही स्कूल पहुंचकर बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्कूल के सामानों को सड़क पर फेंक दिया और तोड़फोड़ की। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में बड़ी संख्या में आदिवासी बच्चों का दाखिला लिया गया है, लेकिन मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। शौचालय न होने के कारण बच्चों को बरसात में भी खुले खेत में शौच के लिए जाना पड़ता था। ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन पर त्वरित कार्रवाई और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही, मामले की गहन जांच के लिए सीआईडी और डॉग स्क्वाड की मांग उठाई।
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार, डीएसपी दुमका विजय महतो, जरमुंडी के प्रभारी एसडीपीओ श्यामानंद मंडल, रामगढ़ प्रखंड विकास पदाधिकारी कमलेंद्र कुमार सिन्हा, हंसडीहा थाना प्रभारी प्रकाश कुमार सिंह, और जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीपीओ श्यामानंद मंडल ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक डॉग स्क्वाड घटनास्थल पर नहीं पहुंचता, तब तक शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नहीं उठाने दिया जाएगा।
शाम को डॉग स्क्वाड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था, और ग्रामीण शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने की अनुमति नहीं दे रहे थे।
अमन के माता-पिता, जो मजदूरी के लिए केरल गए हुए थे, इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं। परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग पर सीआईडी जांच और डॉग स्क्वाड की तैनाती कर दी गई है।

















