लाल किले से गूंजा देशभक्ति का स्वर, पीएम मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर दिए ये 15 बड़े संदेश
नई दिल्ली : भारत ने आज अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश और गौरव के साथ मनाया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से लगातार 12वीं बार तिरंगा फहराया और देशवासियों को संबोधित किया। 103 मिनट के अपने सबसे लंबे स्वतंत्रता दिवस भाषण में पीएम मोदी ने राष्ट्र के विकास, सुरक्षा, तकनीकी आत्मनिर्भरता और युवाओं के भविष्य पर जोर देते हुए 15 प्रमुख संदेश दिए। उन्होंने आजादी के इस महापर्व को “140 करोड़ संकल्पों का पर्व” करार दिया। आइए, उनके भाषण की प्रमुख बातों पर नजर डालते हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!पीएम मोदी के 15 मुख्य संदेश
140 करोड़ संकल्पों का पर्व
पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस को 140 करोड़ देशवासियों के संकल्पों का उत्सव बताया, जिसमें हर नागरिक की भूमिका अहम है।
ऊर्जा आत्मनिर्भरता
पिछले 11 वर्षों में सौर ऊर्जा 30 गुना बढ़ी। हाइड्रोपावर और ग्रीन हाइड्रोजन में निवेश के साथ-साथ 10 नए परमाणु रिएक्टर कार्यरत हैं। 2047 तक न्यूक्लियर क्षमता को 10 गुना बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।
क्रिटिकल मिनरल मिशन
रक्षा, तकनीक और चिकित्सा के लिए आवश्यक खनिजों में आत्मनिर्भरता के लिए 1,200 से अधिक स्थानों पर खोज कार्य जारी है।
भारत का स्पेस स्टेशन
पीएम ने 2047 तक भारत के अपने अंतरिक्ष स्टेशन के निर्माण और स्वदेशी जेट इंजन बनाने का आह्वान किया।
ऑपरेशन सिंदूर की सराहना
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना को खुली छूट दी गई, जिसके तहत दुश्मन के क्षेत्र में आतंकी ठिकाने नष्ट किए गए। पीएम ने इसे “पाकिस्तान की नींद उड़ाने” वाला कदम बताया।
क्लीन एनर्जी में अग्रणी
भारत ने 2030 के क्लीन एनर्जी लक्ष्य को 2025 में ही हासिल कर लिया। समुद्र मंथन मिशन के तहत तेल और गैस भंडार की खोज तेजी से चल रही है।
युवाओं से आह्वान
पीएम ने युवाओं से हर पल का सदुपयोग करने, नए नियम-नीतियों के सुझाव देने और रिसर्च व पेटेंट में योगदान देने की अपील की
फर्टिलाइजर में आत्मनिर्भरता
विदेशी निर्भरता खत्म करने के लिए स्वदेशी उर्वरक (फर्टिलाइजर) उत्पादन पर जोर दिया गया।
मिशन सुदर्शन चक्र
युद्ध तकनीक के विस्तार के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत करने का संकल्प लिया गया।
भाषाओं का विकास
सभी भारतीय भाषाओं को बढ़ावा देने और ज्ञान-विज्ञान में योगदान के लिए भाषा विकास पर जोर।
मोटापे पर चेतावनी
मोटापे को बढ़ता संकट बताते हुए तेल के उपयोग में 10% कमी लाने का सुझाव दिया।
पिछड़े क्षेत्रों का विकास
पूर्वी भारत सहित पिछड़े जिलों और ब्लॉकों के लिए विशेष विकास योजनाएं शुरू की जाएंगी।
मजबूत अर्थव्यवस्था
महंगाई पर नियंत्रण, विदेशी मुद्रा भंडार में मजबूती और वैश्विक एजेंसियों से भारत की सराहना।
नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी रिफॉर्म
इस दिवाली से जीएसटी सुधार लागू होंगे, जिससे एमएसएमई सेक्टर को विशेष लाभ होगा और रोजमर्रा की चीजों पर टैक्स कम होगा।
सिंधु समझौते पर कड़ा रुख
पीएम ने कहा कि भारत के हक का पानी किसानों के लिए है और “खून और पानी एक साथ नहीं बहेगा”
अन्य प्रमुख घोषणाएं
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना
99,446 करोड़ रुपये की इस योजना से अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ नौकरियां सृजित होंगी। प्राइवेट सेक्टर में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपये का प्रोत्साहन और कंपनियों को प्रति कर्मचारी 3,000 रुपये मासिक सहायता दी जाएगी।
मेड इन इंडिया सेमीकंडक्टर चिप्स
इस साल के अंत तक भारत अपनी पहली स्वदेशी सेमीकंडक्टर चिप लॉन्च करेगा।
राष्ट्रीय सुरक्षा
पीएम ने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि भारत न्यूक्लियर धमकियों से नहीं डरेगा और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता इसका प्रमाण है।
आरएसएस की सराहना
पीएम ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की 100 वर्षों की निःस्वार्थ सेवा की सराहना की
पीएम मोदी का यह भाषण न केवल उनकी अब तक की सबसे लंबी स्वतंत्रता दिवस स्पीच थी, बल्कि इसमें आत्मनिर्भर भारत, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती ताकत का स्पष्ट संदेश भी था। उन्होंने संविधान निर्माताओं और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि यह देश की एकता और अखंडता का पर्व है। ऑपरेशन सिंदूर के जांबाज सैनिकों को सलाम करते हुए उन्होंने देश की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
लाल किले की प्राचीर से गूंजे इस संदेश ने देशवासियों में जोश भरा और 2047 तक ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने का संकल्प मजबूत किया। पीएम मोदी ने कहा, “भारत प्रगति की नई ऊंचाइयों को छूता रहे!”
















