हररखा गांव में प्रस्तावित चेक डैम निर्माण का ग्रामीणों ने किया पुरजोर विरोध.
Team Drishti.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दुमका : जामा प्रखंड क्षेत्र के टेंगधोवा पंचायत के हररखा गांव में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी महेश्वर महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी सिदार्थ शंकर यादव, अंचलाधिकारी सुनील कुमार के समक्ष ग्रामीणों ने प्रस्तावित चेक डैम का डुगडुगी बजाकर विरोध किया। जानकारी के अनुसार चेक डैम का विरोध कर रहे ग्रामीणों को चेक डैम से होने वाले लाभ के बारे में चर्चा करने एसडीओ, बीडीओ और सीओ हररखा गांव पहुंचे थे। लेकिन ग्रामीणों ने पदाधिकारियों की एक न सुनी और लगातार विरोध दर्ज कराते रहे।
एसडीओ ने ग्रामीणों को बताने का प्रयास किया कि चेक डैम बनने से गांव के लोग और सुरक्षित हो जाएंगे। नदी के दोनों तरफ 7 मीटर ऊंचा और लगभग 500 मीटर लंबा गार्डवाल का निर्माण कराया जायेगा। लेकिन ग्रामीण उनकी बात सुन तो रहे थे लेकिन समझना नहीं चाह रहे थे। ग्रामीणों का मानना है कि सिंचाई के लिये उन्हें पर्याप्त पानी उपलब्ध है। उन्हें चेक डैम की कोई आवश्यकता नहीं है।
पूर्व विधायक दीप नाथ राय ने बताया कि गांव के लोग खेती पर ही आश्रित हैं। गांव के लोगों के खेत में पानी और बालू जमा हो जाने का डर उन्हें सता रहा है। किसान बाबूराम हांसदा ने बताया कि भविष्य में जल जमाव की स्थिति बन सकती है। इसलिये पदाधिकारी अगर विस्थापन नीति के नियमों के साथ आते हैं तो बात बन सकती है। विरोध दर्ज कराने वालों में ग्राम प्रधान सुरेंद्र राय, मुन्ना राय, कुलदीप राय, राजेश मुर्मू, झकसु राय, विश्वनारायन राय, काला देवी, भर्ती देवी, गीता देवी, मूर्ति देवी सहित पूरे गांव के लोग शामिल थे।

















