20251115 200823

झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर भव्य समारोह, 8,799 करोड़ की 1087 योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

रांची : झारखंड की राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और अध्यक्षता करने वाले मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने शिरकत की। इस मौके पर 8,799 करोड़ रुपये की 1087 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया गया, जिसमें 4,324 करोड़ की 878 योजनाओं का उद्घाटन तथा 4,475 करोड़ की 209 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुख्यमंत्री का संबोधन: विकसित गांव से विकसित राज्य और देश की परिकल्पना

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित देश तभी बन सकता है जब राज्य विकसित हो और राज्य तभी विकसित होगा जब गांव मजबूत होंगे। उन्होंने झारखंड को प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य बताते हुए कहा कि विश्व पटल पर भारत की पहचान में झारखंड की बड़ी भूमिका है। खनिज संसाधनों, श्रम बल, पर्यटन और खेल जैसे क्षेत्रों में राज्य की क्षमताओं को उजागर करते हुए उन्होंने आने वाली पीढ़ियों के लिए अपार संभावनाएं तैयार करने की प्रतिबद्धता जताई।

हेमंत सोरेन ने कहा, “झारखंड तेजी से बदल रहा है और अब देश के अग्रणी राज्यों के साथ कदम मिलाकर चलने को तैयार है।” उन्होंने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री मइयां सम्मान योजना की सराहना की, जिसे अन्य राज्य भी अपनाने लगे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन में नए आयाम जोड़ने पर जोर देते हुए उन्होंने आने वाले 25 वर्षों को ध्यान में रखकर प्रकृति के साथ संतुलन बनाते हुए राज्य को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

आदिवासी विरासत और शहीदों को नमन

मुख्यमंत्री ने आदिवासियों को देश के मूलवासी और प्रथम वासी बताते हुए जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए उनके संघर्ष को याद किया। भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर और टाना भगत जैसे वीर सपूतों की शहादत को सलाम करते हुए कहा कि पूर्वजों के त्याग से ही झारखंडी गर्व से सिर ऊंचा कर खड़े हो सके हैं।

दिशोम गुरु शिबू सोरेन को राज्य के निर्माता, प्रणेता और मार्गदर्शक बताते हुए श्री सोरेन ने भावुक होकर कहा कि उनकी अनुपस्थिति में मन व्यथित है। उन्होंने सभी को परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने का आग्रह किया।

प्रमुख योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

उद्घाटन : कोर कैपिटल एरिया में विधानसभा सदस्यों के आवासीय परिसर, देवघर और लोहरदगा में नए समाहरणालय भवन, 400 केवी संचरण लाइन व पतरातू सब स्टेशन, गोड्डा और बोकारो में नए इंजीनियरिंग व प्रोफेशनल कॉलेज, सिमडेगा में अंतरराष्ट्रीय एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम आदि।

शिलान्यास : रांची स्मार्ट सिटी में पार्क विकास, खादगढ़ा में बिरसा मुंडा बस टर्मिनल नवीनीकरण, कोडरमा और हजारीबाग में क्रिटिकल केयर अस्पताल, सिमडेगा में सिंथेटिक फुटबॉल मैदान, तिलक मांझी नेचर पार्क आदि।

विभागवार उद्घाटन-शिलान्यास में पथ निर्माण, ग्रामीण कार्य, जल संसाधन, स्वास्थ्य, कृषि आदि शामिल हैं।

प्रदर्शनी और पुस्तिका विमोचन

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी का अनावरण किया। इमर्सिव जोन में राज्य के 25 वर्षों के सफर, बिरसा मुंडा और शिबू सोरेन की गाथा प्रदर्शित की गई। झारखंड की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी हुआ।

विशिष्ट अतिथि और उपस्थिति

समारोह में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, मंत्रीगण, सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित हजारों लोग मौजूद रहे।

Share via
Send this to a friend