पटना में आयोजित रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता 2025 में झारखंड को सांत्वना पुरस्कार

शंभू कुमार सिंह
सिमडेगा : राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन द्वारा 22 सितंबर को पटना के बापू टावर संग्रहालय में क्षेत्रीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता 2025 का आयोजन किया गया। इस सेंट्रल रीजन प्रतियोगिता में तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, दमन द्वीप, गुजरात समेत 10 राज्यों ने हिस्सा लिया। झारखंड का प्रतिनिधित्व सिमडेगा के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के कक्षा 11 के छात्रा सौम्य स्तुति बाड़ा और छात्र श्वेत कुमार भारती ने किया।

प्रतियोगिता में तेलंगाना ने प्रथम, छत्तीसगढ़ ने द्वितीय और ओडिशा ने तृतीय स्थान हासिल किया, जबकि झारखंड को चौथा स्थान प्राप्त हुआ और सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह पहला अवसर था जब झारखंड ने क्षेत्रीय रेड रिबन क्विज प्रतियोगिता में पुरस्कार जीता।

गौरतलब है कि 18 सितंबर 2025 को आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिमडेगा के सौम्य स्तुति बाड़ा और श्वेत कुमार भारती ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर झारखंड का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त किया था। प्रतियोगिता के बाद 23 सितंबर को पटना से लौटने पर दोनों प्रतिभागियों ने झारखंड राज्य एड्स नियंत्रण समिति की परियोजना निदेशक डॉ. नेहा अरोड़ा से मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सिमडेगा और रांची से बाहर पहली बार पटना जैसे बड़े शहर में अन्य राज्यों के बच्चों के साथ क्विज में भाग लेकर उन्हें अनमोल अनुभव प्राप्त हुआ।

डॉ. नेहा अरोड़ा ने कहा कि Insified IEC Campaign के तहत राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों से युवा सरकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति जागरूक होंगे और समाज में जागरूकता फैलाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि ग्रामीण परिवेश के बच्चों को भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है। डॉ. अरोड़ा ने यह भी बताया कि जागरूकता ही एड्स से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है, और समिति का लक्ष्य युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों से जोड़ना है।


















