सिमडेगा डीसी कंचन सिंह ने नहाय-खाय के साथ की छठ महापर्व की शुरुआत
शंभू कुमार सिंह
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ सिमडेगा में भी हो गई है। जिले की उपायुक्त कंचन सिंह ने शनिवार को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ नहाय-खाय कर व्रत की शुरुआत की।
डीसी आवास छठ महापर्व की भावना से सराबोर नजर आ रहा है। चारों ओर साज-सज्जा और छठ गीतों की गूंज ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया है। डीसी कंचन सिंह ने खुद पारंपरिक तरीके से गेहूं धोकर सुखाया और कद्दू-भात का महाप्रसाद तैयार किया। वे स्वयं चूल्हे पर बैठकर पारंपरिक पद्धति से प्रसाद बनाती नजर आईं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने जिलेवासियों के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की और सभी को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वे पिछले 14 वर्षों से छठ व्रत कर रही हैं और यह पर्व उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है।
डीसी द्वारा पारंपरिक तरीके से छठ की शुरुआत किए जाने से जिले में धार्मिक उत्साह और भी बढ़ गया है। स्थानीय लोग भी इस बात पर गर्व महसूस कर रहे हैं कि जिला प्रशासन की सर्वोच्च अधिकारी स्वयं लोक आस्था के इस पर्व में पूरे श्रद्धा से सम्मिलित हो रही हैं।

















