ग्रामीणों के सहयोग से बड़ी सफलता: बोलबा में 16 पशु तस्कर गिरफ्तार, 242 गोवंश जब्त
शंभू कुमार सिंह / चंद्रशेखर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सिमडेगा/बोलबा : झारखंड के सिमडेगा जिले में अवैध पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त कार्रवाई से बड़ा झटका लगा है। बोलबा थाना क्षेत्र के पिड़ीयापोछ और तलमंगा चडरीटोली इलाके में पैदल हांककर 242 गोवंशों को तस्करी के लिए ले जाते हुए 16 तस्करों को पुलिस ने धर दबोचा। ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग से यह बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है।
जानकारी के अनुसार, ये गोवंश सिमडेगा के ठेठईटांगर, आम्बापानी क्षेत्र से ओडिशा के सिकाजोर होते हुए तस्करी के कॉरिडोर के रूप में दूसरे राज्यों में ले जाए जा रहे थे। तस्कर बेखौफ होकर पैदल और वाहनों से यह गतिविधि अंजाम दे रहे थे, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने सूचना देकर पुलिस को अलर्ट किया।
बोलबा थाना प्रभारी देवीदास मुर्मू के नेतृत्व में एएसआई बीपी यादव, सुनील टोप्नो सहित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी 242 गोवंशों को कब्जे में ले लिया और 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में सिमडेगा डीएसपी रणवीर सिंह, इंस्पेक्टर रामानुज सिंह, बोलबा सीओ सुधांशू पाठक, केरसई थाना प्रभारी विनायक कुमार पांडे, पूर्व पिड़ियापोछ मुखिया जोगेंद्र मांझी, विहीप प्रखंड अध्यक्ष टकबर सिंह और हजारों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
पुलिस ने बोलबा थाने में कांड संख्या दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। यह घटना जिले में लगातार हो रही अवैध पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती और ग्रामीणों की जागरूकता को दर्शाती है।
















