IMG 20210206 WA0081

बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट से फ्लाईट की संख्या बढाई जाय : चैंबर.

राँची : बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट से पर्याप्त संख्या में फ्लाइट की अनुपलब्धता के कारण हो रही कठिनाईयों के निराकरण हेतु आज झारखण्ड चैंबर ऑफ काॅमर्स ने नागर विमानन मंत्री श्री हरदीप एस पुरी को पत्राचार किया। चैंबर के सीविल एवीयेशन उप समिति के चेयरमेन दिनेश प्रसाद साहू ने कहा कि अनलाॅक के उपरांत झारखण्ड में आर्थिक गतिविधियों को धीरे-धीरे रफ्तार मिल रही है किंतु प्रदेश में एक ओर जहां सीमित संख्या में रेल सेवाएं परिचालित हैं वहीं पर्याप्त संख्या में एयर कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण प्रदेशवासियों को अनावश्यक कठिनाईयां हो रही हैं। उदाहरण के तौर पर बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट से पडोसी राज्य पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के लिए सप्ताह में केवल तीन दिन विमान सेवा परिचालित है, जबकि पूणे, जयपुर, भुवनेश्वर, रायपुर, पटना की सीधी विमान सेवा बंद है जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

ध्यातव्य है कि झारखण्ड से निकटवर्ती शहर होने के कारण अधिकाधिक संख्या में व्यापारी व उद्यमी व्यवसायिक कार्यों से कोलकाता आवागमन करते हैं किंतु सप्ताह में केवल तीन दिन फ्लाईट परिचालित होने के कारण लोगों को कठिनाई हो रही है तथा उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा है। इसी प्रकार शैक्षणिक कार्यों से विद्यार्थियों का आवागमन भी पटना, पूणे, जयपुर एवं भुवनेश्वर होता है। यह आग्रह किया गया कि मुख्यतः रांची से पूणे, जयपुर, भुवनेश्वर, रायपुर, वाराणसी की सीधी विमान सेवा के साथ ही रांची से कोलकाता-पटना के लिए सुबह व शाम के समय प्रतिदिन विमान सेवा को आरंभ करना आवश्यक है।

1 फरवरी से रांची से अहमदाबाद की सीधी विमान सेवा शुरू किये जाने पर चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबडा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस सेवा के आरंभ होने से दोनों ही राज्यों के बीच व्यापारिक गतिविधियां बढेंगी। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि संक्रमण के संभावित खतरों से बचाव हेतु निर्धारित सभी सुरक्षा मानकों का पालन कराते हुए बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट से विमान सेवा का परिचालन पूर्व की भांति सामान्य किया जाय और फ्लाईट की संख्या बढाई जाय ताकि सुगम आवागमन के साथ ही प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को गति दी जा सके।

देवघर में फेडरेशन चैंबर के नेतृत्व में व्यापारियों व उद्यमियों का क्षेत्रीय अधिवेशन
फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ काॅमर्स एण्ड इन्डस्ट्रीज के नेतृत्व में रविवार, दिनांक 7 फरवरी को देवघर में क्षेत्रीय अधिवेशन का आयोजन किया गया है। अधिवेशन में सम्मिलित होने के लिए आज चैंबर अध्यक्ष प्रवीण जैन छाबडा के नेतृत्व में 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमण्डल देवघर के लिए रवाना हुआ। अधिवेशन में संताल परगना में व्यापार और उद्योग की प्रगति की संभावनाओं पर मुख्य फोकस होगा। अधिवेशन के उपरांत एक समेकित दस्तावेज तैयार कर राज्य व केंद्र सरकार के समक्ष प्रस्तुत किया जायेगा जिसमें संताल परगना में औद्योगिक एवं व्यवसायिक ग्रोथ की संभावनाओं, अडचनों और चैंबर के सुझावों को समाहित किया जायेगा। अधिवेशन में झारखण्ड चैंबर ऑफ काॅमर्स के सदस्यों के अलावा संताल परगना चैंबर ऑफ काॅमर्स, देवघर चैंबर ऑफ काॅमर्स, दुमका चैंबर, गोड्डा चैंबर, साहेबगंज चैंबर, पाकुड चैंबर, जामताडा चैंबर, महागामा चैंबर, मधुपुर चैंबर ऑफ काॅमर्स के पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे।

उक्त जानकारी चैंबर महासचिव राहुल मारू ने देते हुए कहा कि संताल परगना संभावनाओं का व्यापक क्षेत्र है। व्यापारियों व उद्यमियों की मांग पर फेडरेशन चैंबर द्वारा इस अधिवेशन का आयोजन किया जा रहा है। अधिवेशन के माध्यम से संताल परगना प्रमण्डल के स्टेकहोल्डर्स की समस्याओं को एकत्रित कर, समस्याओं के समाधान हेतु फेडरेशन द्वारा कार्यों को गति दी जायेगी। अधिवेशन के उपरांत फेडरेशन चैंबर द्वारा देवघर एयरपोर्ट, एम्स, प्लास्टिक पार्क और साॅफ्टवेयर पार्क का दौरा भी किया जायेगा।

Share via
Send this to a friend