108 एंबुलेंस सेवा फिर से पटरी पर: हड़ताल खत्म, कर्मचारी लौटेंगे काम पर
रांची : झारखंड में 108 एंबुलेंस सेवाएं गुरुवार से पुनः सुचारू रूप से शुरू हो जाएंगी। पिछले दो दिनों से जारी एंबुलेंस चालक और ईएमटी कर्मियों की हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गई। झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने सरकार के साथ सकारात्मक बातचीत के बाद हड़ताल वापस लेने की घोषणा की।
बुधवार को अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग) अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह सहमति बनी। बैठक में झारखंड स्टेट हेल्थ सोसाइटी के एमडी शशि प्रकाश झा, झारखंड मेडिकल एंड हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के एमडी श्री अबु इमरान, परिवहन विभाग के संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रवीण प्रकाश और 108, 104 व एनजीओ के स्टेट नोडल पदाधिकारी डॉ. पंकज कुमार सिन्हा शामिल थे।
कर्मचारियों की मांगों पर सरकार की सकारात्मक पहल
बैठक में कर्मचारी संघ की चार सूत्री मांगों पर विस्तृत चर्चा हुई, जिसमें कुशल श्रमिक के अनुरूप मानदेय, अगस्त से ईपीएफ लागू करने, ओवरटाइम भुगतान और हड़ताल के दौरान हटाए गए कर्मियों की बहाली शामिल थी।
अपर मुख्य सचिव ने निम्नलिखित निर्देश जारी किए
* कर्मचारियों को कुशल श्रमिक श्रेणी के अनुसार मानदेय और ओवरटाइम भुगतान सुनिश्चित करना।
* अगस्त 2025 से ईपीएफ लाभ लागू करना और 15,000 रुपये से अधिक की राशि पर कर्मियों से सहमति पत्र लेना।
* सितंबर 2025 से ईपीएफ कटौती के साथ वेतन भुगतान।
* हड़ताल के दौरान हटाए गए कर्मियों को पुनः काम पर लेना।
* चालकों और ईएमटी कर्मियों को अपने लाइसेंस व प्रमाणपत्र व्हाट्सएप ग्रुप में अपलोड करने का निर्देश।
अनुशासन पर जोर, कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
अपर मुख्य सचिव ने कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि अनुशासनहीनता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मांगें मान लिए जाने के बाद कर्मचारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की और सभी कर्मियों को गुरुवार से ड्यूटी पर लौटने का निर्देश दिया।


















